35वीं बटालियन मंडला विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के 31 जवानों को लेकर बस रात करीब 1 बजे सिवनी-मंडला राज्य राजमार्ग पर धनगढ़ा गांव के पास केवलारी में पांढुर्णा (छिंदवाड़ा) जा रही थी। इसी दौरान बस की नागपुर से मंडला की ओर आ रही कार से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के बाद अनियंत्रित बस सड़क पर पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में कार चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में बस में सवार 26 एसएएफ जवान घायल हो गए, जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केवलारी हॉस्पिटल में चल रहा है। घायलों में विशेष सशस्त्र बल के जवान मदन भांडे (43) की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें नागपुर रेफर किया गया है।
केवलारी थाना के प्रभारी ने बताया कि कार में सवार मृतकों की पहचान मंडला निवासी कन्हैया जसवानी (75), निकलेश जसवानी (45), ड्राइवर पुरुषोत्तम महोबिया (37) के रूप में हुई है। कार में सवार दो अन्य घायल अशोक कुकरेजा (53) और ममता जसवानी (42) का केवलारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मंडला निवासी जसवानी परिवार की कार वाहन क्र. एमपी 51 जेबी 1369 से शुक्रवार-शनिवार की रात इलाज कराकर नागपुर लौट रहे थे।
थाना प्रभारी ने बताया कि बस एक एसएएफ अधिकारी सहित जवानों को लेकर मंडला बटालियन कैंप से वीआईपी ड्यूटी करने पांढुर्ना (छिंदवाड़ा) जा रही थी. धनगढ़ा के पास एसएएफ जवानों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर बने बड़े गड्ढे से टकरा गई। पुलिस मौके पर पहुंची और कार और बस में सवार घायलों को तुरंत केवलारी अस्पताल ले जाया गया। केवलारी अस्पताल में ही शवों का पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है।