शिवराज सरकार मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार शनिवार को हो गया गया। विंध्य से राजेंद्र शुक्ला, महाकौशल से गौरीशंकर बिसेन ओर बुंदेलखंड से राहुल लोधी को मंत्रिमंडल में जगह मिली। राज्यपाल मंगूभाई सी पटेल ने तीनों विधायकों को एक सादे समारोह में शपथ दिलाई।
हालांकि अभी तीनों नए मंत्रियों को विभाग आवंटित नहीं किए गए हैं। शनिवार को गौरीशंकर बिसेन, राहुल लोधी, राजेंद्र शुक्ला प्रदेश BJP अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ राजभवन पहुँचे। राज्यपाल ने सबसे पहले गौरी शंकर बिसेन को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
गौरीशंकर बिसेन अन्य पिछड़ा वर्ग से आते हैं. माना जाता है कि महाकौशल क्षेत्र में उनका खासा प्रभाव है। वहीं राजेंद्र शुक्ला, ब्राह्मणों के बड़े नेता माने जाते हैं और विंध्य क्षेत्र में उनका असर है। वहीं राहुल लोधी, पूर्व सीएम और काबीना मंत्री रहीं उमा भारती के भतीजे हैं।
राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। चुनाव से कुछ महीने पहले हो रहे इस मंत्रीमंडल विस्तार के संदर्भ में माना जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी किसी को नाराज नहीं करना चाहती।