ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज पहला मुकाबला 22 सितंबर को मोहाली के पीसीए स्टेडियम में होगा। सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो चुका है। शुरुआती 2 वनडे में केएल राहुल कप्तानी करेंगे। वर्ल्ड कप टीम के 5 खिलाड़ी रोहित शर्मा, विराट कोहली, हार्दिक पंड्या, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल को आराम दिया है। अक्षर इंजरी के कारण शुरुआती 2 वनडे नहीं खेल सकेंगे। उनकी जगह रविचंद्रन अश्विन और वॉशिंगटन सुंदर दोनों को टीम में जगह दी गई है। तीसरे वनडे में सभी सीनियर खिलाड़ी वापसी करेंगे। ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच वर्ल्ड कप से पहले 3 वनडे की सीरीज खेली जाएगी।
राहुल 7 मैचों में कप्तानी कर चुके
केएल राहुल को भारत के लिए 7 वनडे मैचों में कप्तानी करने का अनुभव है। उन्होंने बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम की कप्तानी की है। इस दौरान 4 में टीम को जीत और 3 में हार मिली।
सीनियर प्लेयर्स तीसरे वनडे में वापसी करेंगे
तीसरे वनडे में रोहित, कोहली, हार्दिक, कुलदीप और अक्षर वापसी कर लेंगे। इस मैच के लिए अश्विन और सुंदर को भी जगह मिली है। चीफ सिलेक्टर अगरकर ने कहा, अक्षर अगर फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर पाए तो उन्हें तीसरा वनडे नहीं खिलाया जाएगा। इसीलिए उनकी जगह सुंदर और अश्विन को भी रखा गया है। शुरुआती 2 वनडे के लिए भारत ने 15 सदस्यीय स्क्वॉड घोषित किया है। जबकि तीसरे वनडे के लिए 17 प्लेयर्स के नाम घोषित हुए।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए टीम इंडिया: शुरुआती 2 वनडे के लिए टीम केएल राहुल (कप्तान), शुभमन गिल, ऋतुराज गायकवाड, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा (उप कप्तान), शार्दूल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी, तिलक वर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा, रविचंद्रन अश्विन और वॉशिंगटन सुंदर ।
तीसरे वनडे के लिए टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (उप कप्तान), रवींद्र जडेजा, शार्दूल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन और वॉशिंगटन सुंदर।
8 अक्टूबर को वर्ल्ड कप में भिड़ेंगी टीमें
ऑस्ट्रेलिया और भारत वनडे सीरीज के बाद सीधे वर्ल्ड कप खेलने उतरेंगे। 8 अक्टूबर को दोनों टीमें चेन्नई के मैदान पर भिड़ेंगी। दोनों ही टीमों का यह वर्ल्ड कप में पहला मुकाबला होगा। वर्ल्ड कप मैच से पहले दोनों टीमें 2-2 वॉर्म अप मैच भी खेलेंगी। भारत 30 सितंबर को इंग्लैंड और 3 अक्टूबर को नीदरलैंड के खिलाफ वॉर्म अप मैच खेलेगा। वहीं ऑस्ट्रेलिया 30 सितंबर को नीदरलैंड और 3 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ वॉर्म- अप मैच खेलेगा।