Manipur Violence Video: मणिपुर में एक समुदाय की दो महिलाओं को खुलेआम बिना कपड़ों के परेड कराने को लेकर देशभर में गुस्सा साफ़ तौर पर दिख रहा है. सड़क से लेकर संसद तक इस मामले की गूंज सुनाई दे रही है. वीडियो वायरल होने के बाद से ही हर कोई मणिपुर सीएम एन बीरेन सिंह के इस्तीफ़े की मांग कर रहा हैं.

मणिपुर की घटना पर भड़की स्वाति मालीवाल-

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने मणिपुर सीएम और केंद्र सरकार को पत्र लिखकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है. उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा, मणिपुर से बहुत ही ज्यादा खतरनाक वीडियो सामने आया है, जिसको देखकर मैं पूरी रात सो नहीं पाई हूं. ये घटना ढाई महीने पहले की है और FIR भी दर्ज हुई लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

उन्होंने आगे कहा, मुझे शर्म आ रही है कि केंद्र सरकार पिछले तीन महीने से चुप बैठी है और पीएम ने इस पर एक भी बयान नहीं दिया है. मैं आज मणिपुर के सीएम और पीएम मोदी को एक पत्र लिख रही हूं कि मणिपुर में हिंसा खत्म करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.

पत्र के ज़रिये रखीं ये तीन मांग-

1. मणिपुर में हिंसा रोकने के लिए तत्काल कदम उठाये. 

2. वीडियो में लड़कियों पर हमला करने वाले पुरुषों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हों. 

3. मणिपुर के मुख्यमंत्री जीवित बचे लोगों, उनके परिवारों और अन्य लड़कियों और महिलाओं से मिलने के लिए मेरी यात्रा की अनुमति दें. उन्होंने आगे लिखा, महिलाओं के खिलाफ यौन अपराधों के संबंध में सरकार को एक तथ्यान्वेषी रिपोर्ट सौंपना चाहती हूं ताकि जल्द से जल्द कार्रवाई की जा सके.

अगर सरकार कार्रवाई नहीं करेगी तो हम करेंगे- सुप्रीम कोर्ट

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट तक ने इस मामले पर स्वत: संज्ञान लेते हुए साफ़ तौर पर कहा कि अगर सरकार कार्रवाई नहीं करेगी तो हम करेंगे. अब कोर्ट अगले हफ्ते शुक्रवार को इस मामले पर सुनवाई करेगा. वहीं, संसद के मानसून सत्र से पहले मणिपुर घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, मेरा मन क्रोध से भरा हुआ है. मैं देशवासियों को विश्वास दिलाना चाहता हूं, किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.