MP News: मध्यप्रदेश के अनूपपुर ज़िले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई हैं. यहां से बीजेपी नेता की गुंडागर्दी का एक वीडियो सामने आया है. इसमें वह एक बुजुर्ग को बेरहमी के साथ चप्पल से पीटता दिखाई दे रहा है. नेता के साथ मौजूद अन्य लोग भी बुजुर्ग से बदसलूकी कर रहे हैं.
यह घटना सोमवार शाम जिले के बैरी बांध और जमुडी के बीच की है. यहां अनूपपुर-अमरकंटक रोड पर एक पिकअप ने मोटरसाइकिल को ज़ोरदार टक्कर मार दी. जिसमें बाइक सवार आदिवासी बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि उसका साथी घायल हो गया.
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ बीजेपी नेता जय गणेश दीक्षित मौके पर पहुंचा. उसने बुजुर्ग से बदतमीजी करते हुए पूछताछ की. जब वह जवाब नहीं दे पाया तो दीक्षित ने उसे चप्पल से पीटना शुरू कर दिया.
फ़िलहाल, स्थानीय पुलिस प्रशासन ने मामलों को गंभीरता से लेते हुए बुजुर्ग के साथ मारपीट के मामले में दो आरोपी जितेंद्र कुशवाहा और गणेश दीक्षित के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. इस मामले में आगे की जांच भी जारी कर दी गई है.
कमलनाथ ने बीजेपी पर लगाये गंभीर आरोप-
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस मामले में शिवराज सरकार को जमकर घेरा हैं. उन्होंने ट्विटर के ज़रिये एक पोस्ट में लिखा, शिवराज जी आप यह वीभत्स वीडियो देखकर अनदेखा नहीं कर सकते. अनूपपुर जिले में एक आदिवासी व्यक्ति के शव के बगल में बीजेपी का नेता दूसरे आदिवासी व्यक्ति को चप्पल से पीट रहा है. मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी, आदिवासी अत्याचार पार्टी बनती जा रही है.
उन्होंने आगे लिखा, आखिर आप चाहते क्या हैं? जब आप आदिवासियों पर अत्याचार रोक नहीं सकते तो कम से कम मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दीजिए. पांव धोने के पाखंड से आपकी क्रूर सत्ता का प्रायश्चित नहीं हो सकता.
शिवराज सरकार से सवाल पूछते हुए कमलनाथ ने लिखा-
1. आपने मध्य प्रदेश को न सिर्फ आदिवासी अत्याचार में नंबर वन बना दिया है, बल्कि अत्याचारों की निर्दयता में भी मध्य प्रदेश को नंबर वन बना दिया है. जिसे देखकर हमारा सिर शर्म से झुक जाता है.
2. क्या आपने बीजेपी के कार्यकर्ताओं को आदिवासियों पर अत्याचार करने का लाइसेंस दे दिया है?
3. कभी नेमावर में एक आदिवासी बेटी और परिवार के पांच सदस्यों को जिंदा गाड़ दिया जाता है.
4. कभी नीमच में आदिवासी युवक को वाहन से बांधकर घसीटा जाता है कि उसकी मृत्यु हो जाए.
5. कभी सीधी में आदिवासी युवक के ऊपर पेशाब की जाती है. और हर बार आदिवासी पर अत्याचार करने वाला व्यक्ति या तो भाजपा का नेता होता है या उससे जुड़ा हुआ कोई व्यक्ति.
कमलनाथ ने सीएम शिवराज पर तंज कसते हुए कहा, शिवराज जी अब आप विदा हो जाइए ताकि मध्य प्रदेश को इस क्रूरता से मुक्ति मिले.
बता दें कि अनूपपुर में पिचरवाही गांव निवासी बरनू गोंड अपने परिचित भोमा सिंह के साथ मोटरसाइकिल से राजेंद्रग्राम से अनूपपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में भोमा सिंह के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.