3 बेटियों के पिता को बेटे की चाहत थी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्भवती पत्नी के पेट में बेटे के होने की बात सामने आई

मध्यप्रदेश के अशोकनगर में दर्दनाक वाकया हुआ। यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी और गर्भस्थ शिशु की हत्या कर दी। एक के बाद एक तीन बेटियां होने के बाद पत्नी जब चौथी बार प्रेग्नेंट हुई तो पति को इस बात का डर सताने लगा था कि इस बार भी पत्नी बेटी को ही जन्म देगी। बस इसी शक में शख्स ने ऐसी हरकत कर डाली कि पत्नी व उसके गर्भ में पल रहे चार महीने के बेटे की मौत हो गई। दरअसल शराब के नशे में धुत पति ने 4 महीने की गर्भवती पत्नी के पेट पर लात-घूंसे मारे। इससे पत्नी व उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के गर्भ में बेटे के होने की बात भी सामने आई है।

घटना अशोकनगर के नईसराय थाना इलाके की है। यहां रहने वाला जयसिंह सेन नाम का युवक गांव में कटिंग की दुकान चलाता है। जयसिंह की तीन बेटियां हैं और उसकी पत्नी 4 महीने से गर्भवती थी। जय सिंह को बेटे की चाहत थी। तीन बार बेटियां होने के कारण चौथी बार भी बेटी होने का शक उसके मन में घर कर चुका था। रविवार की रात करीब 11 बजे जयसिंह शराब के नशे में घर पहुंचा। यहां बच्चे को लेकर पत्नी से विवाद करने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि शराब के नशे में धुत जयसिंह ने पत्नी के पेट पर लात घूंसे मारने शुरु कर दिए। पत्नी दर्द से चीखी तब आसपड़ोस के लोग व परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। दर्द से कराह रही महिला को सरपंच की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान महिला व उसके गर्भस्थ शिशु दोनों की मौत हो गई।

महिला की मौत के बाद उसका पोस्टमार्टम किया गया। इसमें पता चला कि जिस बेटे की चाहत में जयसिंह ने अपनी पत्नी के पेट पर लात-घूंसे मारे थे वो बेटा पत्नी के गर्भ में ही पल रहा था। पिता के गुस्से व शक का शिकार होकर शिशु दुनिया में आने से पहले ही मर गया। पुलिस ने आरोपी जयसिंह को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि जयसिंह की तीन बेटियां अभी अपनी मौसी के घर पर रहती हैं।