युवक ने सरेराह पत्नी को लगाई आग
भोपाल: भोपाल के कोतवाली इलाके में पति की हैवानियत की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना मंगलवार शाम की है जब एक महिला को सरेराह पेट्रोल डालकर उसके पति ने आग के हवाले कर दिया। आग की लपटों में महिला को घिरा देख लोग उसकी मदद के लिए पहुंचे और गड्ढ़ों व घरों से पानी लाकर किसी तरह आग बुझाई। महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। महिला का चेहरा, हाथ पैर आग से बुरी तरह से झुलस गए हैं। ये भी जानकारी मिली है कि पति उसको तलाक देने के लिए आया था और यहां आकर आग लगा दी।

पीड़ित महिला शाजिदा नगर की रहने वाली है, पीड़िता के मुताबिक उसकी शादी 2019 को अलीगंज छबड़ा राजस्थान के रहने वाले रईस खान के साथ हुई थी. शादी के बाद से पति उसे प्रताड़ित करने लगा। पति उस पर शक करता था और घरवालों से फोन पर बात करने पर भी खूब मारपीट करता था। पति की इन्हीं हरकतों से तंग आकर पीड़िता ने 2022 को पति का घर छोड़ दिया और भोपाल में आकर अपनी बहन के साथ रहने लगी। पीड़िता ने बताया पति उसे तलाक देने के लिए राजस्थान से भोपाल आया था और मंगलवार को फोन कर कहा कि तलाक के पेपर कंप्लीट कर लो। इसी के लिए वो शाम को एमपी ऑनलाइन की दुकान जा रही थी तभी रास्ते में पति ने उसे पकड़ लिया और पेट्रोल डालकर आग लगाकर भाग गया।

महिला की चीखें सुनकर और आग की लपटें देखकर लोग उसे बचाने के लिए दौड़े और पानी डालकर आग बुझाई। महिला को इसके बाद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पीड़िता की बहन ने बताया कि आरोपी पति हम्माली करता है और शादी के बाद से ही प्रताड़ित करता था। वो हत्या की साजिश कर ही राजस्थान से भोपाल आया होगा और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।