भोपाल: वृक्षारोपण असफल होने पर अब विदिशा वनमंडल के दक्षिण लटेरी के बीट पौरिया में पदस्थ डिप्टी रेंजर कृष्ण मोहन शर्मा की अब विभागीय जांच होगी। उक्त बीट में वर्ष 2021-22 में 15 हजार पौधे रोपित किये गये थे किन्तु निरीक्षण में 1781 पौधे ही जीवित पाये गये। 

इस पौधरोपण में 25 लाख 92 हजार 723 रुपये व्यय हुये थे। पौधरोपण में 14 लाख 33 हजार 665 रुपये की हानि निकाली गई। इसमें उक्त डिप्टी रेंजर के साथ आठ अन्य शासकीय सेवक भी उत्तरदायी थे, जिन पर कार्यवाही प्रचलित है। इसलिये डिप्टी रेंजर शर्मा पर 89 हजार 604 रुपये का भार डाला गया है। 

शर्मा 31 जुलाई 2022 को सेवानिवृत्त हो गये हैं और अब उक्त हानि के लिये वन विभाग ने उनके खिलाफ विभागीय जांच संस्थित करने का निर्णय लिया है। जांच में दोषी पाये जाने पर उनकी पेंशन से हानि की वसूली की जा सकती है।