मध्यप्रदेश में मौसम एक बार फिर बदलता दिख रहा है। अगले 24 घंटे में रीवा, पन्ना समेत 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल, रायसेन, छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम में गुरुवार सुबह से ही बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन समेत प्रदेश के बाकी जिलों में भी हल्की से तेज बारिश का अनुमान जताया है। ट्रफ लाइन और कम दबाव का एरिया बनने से पूर्वी मध्यप्रदेश में 5 अगस्त तक तेज बारिश होने का अनुमान भी है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और उससे लगे बांग्लादेश के तट पर गहरा अवदाब क्षेत्र बनने के कारण मौसम में यह बदलाव दिखाई दे सकता है। हालांकि तापमान बढ़ने के साथ-साथ कहीं-कहीं हल्की बौछारें पड़ने के आसार भी हैं।
बीते 24 घंटे की बात की जाये तो बुधवार को 9 घंटे में मंडला में सबसे ज्यादा सवा इंच पानी गिरा। नर्मदापुरम में पौन इंच, मलाजखंड में एक इंच बारिश हुई। रतलाम, जबलपुर, रीवा, सागर, सतना और सीधी में आधा इंच पानी गिरा।