रतलाम. सरपंच के लिए वोट मांगने पहुंचे सांसद को ग्रामीण ने जमकर खरी खोटी सुनाई. इधर नाराज मतदाताओं की बातें कुछ देर तक तो सांसद सुनते रहे लेकिन आखिरकार झल्ला उठे. उन्होंने ग्रामीणों के कुछ आरोपों का नकारा और अपनी बातें भी सुनने का आग्रह किया. रतलाम जिले के ग्राम शिवपुर में यह वाकया हुआ.

पंचायत चुनाव के तहत सरपंच प्रत्याशी के लिए वोट मांगने गए सांसद गुमानसिंह दामोर का गांव में जमकर विरोध हुआ. वे जब रतलाम जिले के ग्राम शिवपुर पहुंचे तो ग्रामीणों के गुस्से का शिकार हो गए. दरअसल सांसद जब पिछले बार गांव आए थे, तब ग्रामीणों को यहां सड़क बनवाने का आश्वासन दिया था. दोबारा चुनाव आ गए लेकिन आज तक सड़क नहीं बनी. इस कारण ग्रामीण मतदाता खुद को ठगा सा महसूस करने लगे. ऐसे में ग्रामीणों ने वोट मांगने आए सांसद का विरोध करना शुरु कर दिया. इस दौरान गांव में काफी हंगामा भी हुआ. जहां उनके समर्थक सांसद दामोर की बातें सुनकर उनके आश्वासन को मानने की बात कह रहे थे वहीं ज्यादातर ग्रामीण सांसद की कोई बात सुनने को तैयार नहीं थे। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें ग्रामीण सांसद का विरोध करते दिख रहे हैं. इतना ही नहीं सांसद भी उन्हें उंगलियां और हाथ उठाकर इशारे से समझाने का प्रयास करते साफ नजर आ रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले जब सांसद चुनाव लड़ रहे थे तब आश्वासन दिया था कि जीतते ही सड़क बना दूंगा. लेकिन आज तक सड़क नहीं बनी है और वे अब फिर वोट मांगने आ गए. जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने उनसे साफ कहा कि आप तो वोट मांगकर चले जाते हैं लेकिन इसके बाद कोई गांव की सुध नहीं लेता है. आपका विधायक भी आज तक नहीं आया. ग्रामीणों की बातें सुनकर सांसद ने आसपास के कुछ गांवों की सड़कों के बारे में भी बताया, लेकिन ग्रामीण अपनी बात कहते रहे. ग्रामीणों ने कहा कि आप जहां से प्रवेश कर गांव में आए वहां से लेकर गांव के अंदर तक की सड़क बेहाल है. बारिश में चलने में काफी दिक्कतें होती है. छोटे-छोटे बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रतलाम जनपद पंचायत के तहत 8 जुलाई को मतदान होना है, इसी को लेकर सांसद दामोर सरपंच प्रत्याशी के लिए वोट मांगने पहुंचे थे।