Delhi Flood: देश की राजधानी दिल्ली में रिकॉर्ड तोड़ स्तर पर पहुंच गया यमुना नदी का जलस्तर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है. हालांकि, कुछ इलाकों में अभी भी बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. दिल्ली सरकार ने कल स्कूल, कॉलेज, दफ्तर और यहां तक ​​कि जल उपचार संयंत्र भी रविवार तक के लिए बंद कर दिए क्योंकि राजधानी में यमुना का पानी शहर के कई हिस्सों में भरा गया, जिससे अधिकांश इलाके जलमग्न हो गए.

कल की तुलना में आज जल स्तर थोड़ा कम-

हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी राजधानी में अंदर घुसता चला गया. जिससे बढ़ा जैसे हालात पैदा हो गए. हालांकि, आज सुबह यमुना का जलस्तर 208.46 मीटर पर पहुंच गया, जो पिछली रात के 208.66 मीटर से थोड़ा कम है.

साथ ही केंद्रीय जल आयोग ने अनुमान जताया है कि आज जलस्तर में गिरावट आएगी और दोपहर 1 बजे तक जलस्तर 208.30 मीटर तक पहुंच सकता है. बता दें कि इस बार यमुना नदी ने 45 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया हैं. इससे पहले 6 सितंबर 1978 को यमुना का अधिकतम जलस्तर 207.49 मीटर दर्ज किया गया था. तब भी दिल्ली में ऐसे ही हालात पैदा हो गए थे.

ITO और राजघाट के इलाके अभी भी पानी में डूबे हुए हैं क्योंकि आईटीओ स्थित विकास भवन में ड्रेन रेगुलेटर टूट गया है. अधिकारी रेगुलेटर को ठीक करने का प्रयास कर रहे हैं. तो जो स्थिति पहले से ही गंभीर थी वह अब ज्यादा बदतर हो गई है.

सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा यमुना का पानी-

दिल्ली के मध्य भाग में तिलक मार्ग इलाके में बाढ़ का पानी सुप्रीम कोर्ट तक भी पहुंच गया. दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सरकार ने मुख्य सचिव को रेगुलेटर को हुए नुकसान को प्राथमिकता देकर समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया है.

अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी के कुछ इलाकों में पीने के पानी और बिजली में कटौती की जाएगी. दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कल गैर-जरूरी सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों को रविवार तक बंद रखने का निर्देश दिया. इसके साथ ही सरकार ने दिल्ली में ज़रूरी वाहनों को छोड़कर बाकी सभी की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है.

ख़बरों के मुताबिक, दिल्ली में फ़िलहाल अब तक इन जगहों पर बाढ़ का पानी भरा हुआ है. जिसमें यमुना बाज़ार, आईटीओ, राजघाट, सिविल लाइन, उस्मानाबाद, मॉन्टेसरी, मजनू का टीला, निगम बोध घाट, जैतपुर, गीता कॉलोनी, रिंग रोड, कश्मीरी गेट, आईएसबीटी शामिल हैं.