Delhi Rains: दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर अपने सर्वोच्च 207.55 मीटर पर पहुंच गया है. जिससे 45 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया. यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 4 बजे इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है. जिसमें सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल होने का निर्देश दिया गया है. बैठक दिल्ली सचिवालय में होगी.
निचले इलाकों में बाढ़ की समस्या-
दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण जलभराव की समस्या पैदा हो गई है. अब यमुना का जलस्तर बढ़ने से यहां के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है. ऐसे में बाढ़ का खतरा भी बढ़ता जा रहा है. दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर आज 207.55 मीटर पर पहुंच गया.
जिसने 45 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है. 6 सितंबर 1978 को यमुना का अधिकतम जलस्तर 207.49 मीटर दर्ज किया गया था. दिल्ली के कई रिहायशी इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है. हालात बिगड़ते देख दिल्ली पुलिस ने लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से दूर रखने के लिए धारा 144 लागू कर दी है.
दिल्ली की सड़कें बनी स्विमिंग पूल-
यमुना के जलस्तर ने आज 45 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिससे दिल्ली के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं. वहीं, दिल्ली की सड़कें अब स्विमिंग पूल बन गई हैं. सड़कों पर पानी भर जाने से वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. दिल्ली सरकार अलर्ट मोड पर काम कर रही है. इसके साथ ही अब यमुना का पानी नोएडा-दिल्ली लिंक रोड तक पहुंच गया है.
दिल्ली में घुसा यमुना का पानी-
कश्मीरी गेट के मॉन्स्टी मार्केट, रिंग रोड, यमुना घाट, यमुना बाजार इलाके तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है. यहां सड़कों पर पानी भर गया है. कश्मीरी गेट स्थित गौशाला में यमुना नदी का पानी घुस गया है. आईटीओ पर छठा घाट पूरी तरह जलमग्न हो गया है. यमुना नदी से सटे इलाके बेहद संवेदनशील स्थिति में हैं. इन इलाकों में करीब 41 हजार लोग रहते हैं. इस बीच दिल्ली के सबसे वीआईपी इलाके साउथ एवेन्यू में भी कुछ लोगों ने बारिश का लुत्फ उठाया.
अलर्ट मोड पर केजरीवाल सरकार-
सीएम अरविंद केजरीवाल का कहना है कि वह केंद्रीय जल आयोग के संपर्क में हैं और उम्मीद है कि बाढ़ जैसी स्थिति पैदा नहीं होगी. यह एक दूसरे पर उंगली उठाने का समय नहीं है. लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सभी राज्य सरकारों को मिलकर काम करने की जरूरत है. इसके अलावा दिल्ली की PWD मंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया.
बढ़ता जा रहा यमुना का जलस्तर-
हरियाणा के यमुनानगर में बने हथिनी कुंड बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने से यमुना का जलस्तर बढ़ता जा रहा है. आज सुबह 9 बजे से बैराज से 1 लाख 53 हजार 768 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. कल शाम 7 बजे बैराज से 2 लाख 42 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया. जिससे यमुना नदी का जलस्तर 207.55 मीटर पर पहुंच गया. फिलहाल, नदी के प्रवाह को कम करने के लिए ओखला बैराज के सभी गेट खोल दिए गए हैं.