Delhi Yamuna Water Level: दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर एक बार फिर खतरे के निशान से ऊपर यानी 205.39 मीटर पर पहुंच गया है. केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, कल रात 10 बजे तक जलस्तर खतरे के निशान 205.33 मीटर से लगातार बढ़कर 205.39 मीटर पर पहुंच गया.


उत्तराखंड-हिमाचल में भारी बारिश के कारण बढ़ा जल स्तर-

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. कल शाम छह बजे पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर 204.94 मीटर था. सीडब्ल्यूसी के मुताबिक, दिल्ली में दोपहर 3 बजे यमुना का जलस्तर ख़तरे के निशान को पार कर 204.57 मीटर तक पहुंच गया. यमुना नदी का 'अलर्ट' लेवल 204.5 मीटर है.

जुलाई में बाढ़ ने मचाई थी तबाही-

इसी साल जुलाई में राजधानी के आसपास और पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश के कारण दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए थे. जिसके चलते 13 जुलाई को यमुना नदी का जलस्तर 208.66 मीटर पर पहुंच गया था. जिसने पुराने सभी रिकार्ड तोड़ दिए थे. 

यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का पानी राजधानी के अंदर इस कदर घुसा की पूरी दिल्ली पानी-पानी हो गई थी. उस समय बाढ़ प्रभावित इलाकों से करीब 27 हजार से ज्यादा लोगों को निकाला गया था. इसके अलावा बाढ़ के कारण करोड़ों रुपये का नुकसान भी हुआ था.