International Yoga Day: पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार ‘सीएम दी योगशाला’ कार्यक्रम का आयोजन कर रही है. दुनियाभर में कल 21 जून योग दिवस मनाया जायेगा. इस मौके पर पंजाब सरकार ने एक दिन पहले यानी 20 जून को योग कार्यक्रम का आयोजन किया. 

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने ‘सीएम दी योगशाला’ कार्यक्रम के बारें में जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों की सेहत ठीक रखना है. सभी लोग योग से फिजिकल और मेंटल दोनों ही तरीकों से स्वस्थ रहेंगे. जिससे सोशल और इकनॉमिक तौर पर पंजाब मजबूत बनेगा.

उन्होंने आगे कहा, आज पंजाब के अलग-अलग जिलों से लोग आए हुए है. योग के प्रति लोगों की डिमांड बढ़ रही है. हमें पहले पांच शहरों में शुरू करना था, लेकिन जालंधर में उपचुनाव के चलते नहीं हो पाया था. हालांकि, अब जालंधर को जोड़ते हुए ‘सीएम दी योगशाला’ 5 शहरों में शुरू कर रहे हैं. इसके बाद हर जिला स्तर पर भी शुरू करेंगे, जिसे आगे चलकर गांव-गांव तक पहुंचेंगे.

स्वास्थ्य मंत्री ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, इस कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली में भी किया गया था, लेकिन वो बंद हो गया. क्योंकि केजरीवाल सरकार पर राजनीति करने का आरोप लगाया गया. हालाकिं, अब ये पंजाब में बंद नहीं करवा पाएंगे. दिल्ली में इन्होंने बंद करवा दिया था. यहां लोगों के बीच इसकी काफी डिमांड है. उन्होंने आगे कहा, जो काम हम दिल्ली में नहीं कर पाएं, वो सभी काम पंजाब में ज़रूर करेंगे.

‘सीएम दी योगशाला’ कार्यक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि योग के लिए 25 लोगों पर एक योगा टीचर रहेगा. हर टीचर रोजाना चार क्लास लेगा और जैसे-जैसे डिमांड बढ़ती रहेगी, हम योगा ट्रेनर की संख्या बढ़ाएंगे. योग कार्यक्रम कल की बजाय आज करने के पीछे की वजह भी बताई. उन्होंने कहा, हम कल भी करेंगे परसों भी करेंगे लेकिन स्टेट का प्रोग्राम एक दिन पहले होता है. जिस कारण से हमने इसको आज से ही शुरू किया.