तीन पूर्वोत्तर राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड में बीजेपी का कमल तो खिल गया है लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनावी रैलियों के दौरान भ्रष्टाचार पर दिए भाषण का जिक्र करते हुए कांग्रेस ने बीजेपी के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया हैं.
पीएम मोदी का कांग्रेस पर वार-
दरअसल, नागालैंड के दीमापुर में चुनावी रैली के दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा था कि कांग्रेस ने नॉर्थ-ईस्ट को ATM मान लिया था. सरकार का पैसा जनता तक नहीं, बल्कि करप्ट पार्टियों की तिजोरी में पहुंचता था. कांग्रेस ने दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए नागालैंड सरकार चलाई. वे इस क्षेत्र से धन निकालकर अपने आकाओं की तिजोरियां भरकर दिल्ली ले जाते थे.

कांग्रेस ने भी किया पलटवार-
पीएम मोदी के इसी बयान का जिक्र करते हुए कर्नाटक में बीजेपी विधायक के ठिकानों से करीब आठ करोड़ रुपये कैश बरामद होने के बाद कांग्रेस ने पलटवार करते हुए ट्वीट में लिखा कि कर्नाटक में बीजेपी विधायक के घर से 8 करोड़ रुपए कैश मिला है. बीजेपी विधायक का बेटा 40 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया. सबको पता है, कर्नाटक में बीजेपी की '40% कमीशन' की सरकार चल रही है. इसलिए कर्नाटक से उगाही होती है, माल दिल्ली तक पहुंचता है.
बीजेपी विधायक के घर लोकायुक्त की रेड-
बता दें कि कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में लोकायुक्त की रेड में बीजेपी विधायक के ठिकानों से करीब आठ करोड़ रुपये नकद मिले है. कुछ समय पहले ही लोकायुक्त ने विधायक मदल विरुपक्षप्पा के बेटे को 40 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था. इसके अलावा विधायक के बेटे प्रशांत मदल के कार्यालय से भी 1.7 करोड़ रुपये नकद मिले थे.
जिसके बाद लोकायुक्त ने कार्यालय और विधायक के आवास पर छापेमारी की. देर रात की गई रेड में बीजेपी विधायक मदल विरुपक्षप्पा के आवास से 6 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए है. इस छापेमारी के बाद लोकायुक्त विधायक से भी पूछताछ के लिए समन जारी कर सकता है.
मुश्किलों में बीजेपी, कांग्रेस का तंज-
फ़िलहाल लोकायुक्त की इस रेड के बाद से ही कांग्रेस बीजेपी पर हमलावर हो रहीं हैं. कांग्रेस की तरफ से रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पूछा कि बीजेपी ने कर्नाटक को भ्रष्टाचार के दलदल में धकेल दिया है. समय आ गया है कि इस MLA को गिरफ्तार और इंडस्ट्री मिनिस्टर को बर्खास्त किया जाए. CM बोम्मई यह बताएं कि कितना पैसा ऊपर तक पहुंच रहा था और भ्रष्टाचार के इस खेल में कौन-कौन शामिल है?
कर्नाटक में अगले कुछ ही महीने में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. ऐसे में बीजेपी विधायक के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुद्दा और गरमा सकता है. कर्नाटक के सियासी हालातों की बात की जाए तो बीजेपी यहां येदियुरप्पा को हटाकर बसवराज बोम्मई को मुख्यमंत्री बना चुकी है लेकिन इसके बाद भी सरकार के खिलाफ एंटी इन्कमबेंसी से पार पाना पार्टी के लिए मुश्किल साबित हो रहा है. हाल ही में शिवमोगा एयरपोर्ट के लोकार्पण पर जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने येदियुरप्पा को महत्व दिया था. उससे यह साफ संकेत मिला था कि बिना येदियुरप्पा बीजेपी कर्नाटक की लड़ाई में सहज नहीं है.