भोपाल: परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की पहल पर प्रदेश सरकार ने राज्य के निजी बस आपरेटरों को बड़ी राहत दी है। मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में सम्पन्न कैबिनेट की बैठक में एक बड़ा निर्णय लेते हुए परिवहन विभाग के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने मुहर लगाते हुए प्रदेश के निजी बस संचालकों का माह अप्रैल, मई, और जून 2021 का 103 करोड़ रुपये का टैक्स माफ करने के प्रस्ताव को मंजूर कर दिया।

प्रदेश सरकार के इस फैंसले से निजी बस संचालकों को बड़ी राहत मिली है। उक्त निर्णय के सम्बंध में जानकारी देते हुए प्रदेश के राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि देश में कोरोना महामारी के समय यात्री बसों में लगने वाले मोटरयान कर में छूट देने की बात मेरे संज्ञान में आई थी।

बहुत से बस ऑपरेटर एक साथ मुझसे मिलने आये थे। उन बस संचालकों के अनुरोध पर हमने इस बात को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के समक्ष रखा था, क्योकि 3 महीने कोरोना महामारी के समय बसे पूरी तरह बंद थी। राजपूत ने बताया कि सह्रदय मुख्यमंत्री श्री चौहान को भी लगा कि जब बसे चली ही नहीं तो इनका 3 माह का टैक्स माफ कर देना चाहिए।

मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद परिवहन मंत्री गोविंद सिंह के निर्देश पर विभाग ने यह 3 माह का टैक्स माफ करने का प्रस्ताव कैबिनेट में रखा, जिसे मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में मंजूरी मिल गई। कैबिनेट ने माह अप्रैल, मई और जून 2021 का तीन माह टैक्स पूरी तरह माफ कर दिया है। राजपूत ने बताया कि इससे सरकार पर 103 करोड़ रुपये का भार पड़ेगा।

यह भी पढ़े: