मध्यप्रदेश के मंडला जिले में कई लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए हैं. जिले के मोहगांव विकासखंड क्षेत्र के गांव सिंगारपुर में फूड पॉइजनिंग से लगभग 150 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। शनिवार देर रात करीब 70 मरीजों को एम्बुलेंस और अन्य वाहनों से जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया. करीब 30 लोगों को मोहगांव स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. इनमें बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हैं। बताया गया है कि स्थानीय बाजार में पानी पुरी खाने के बाद लोगों की हालत खराब होने लगी थी.

जिला मुख्यालय से लगभग 40 किमी दूर सिंगारपुर में शनिवार को बाजार लगा था। यहां आस-पास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इस दौरान लोगों ने वहां फुल्की यानि पानी पुरी (गोल गप्पा) खाई. थोड़ी ही देर बाद उन्हें उल्टियां होने लगी। शुरुआत में लोगों को मोहगांव उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जब मरीजों की संख्या बढ़ने लगी तो उन्हें मण्डला के जिला अस्पताल भेजा गया।

सीएमएचओ डॉ श्रीनाथ सिंह ने बताया कि अस्पताल में मरीजों का इलाज शुरु कराने के बाद देर रात मेडिकल टीम के साथ वे सिंगारपुर ही पंहुच गए थे।  मोहगांव की मेडिकल टीम के साथ मिलकर वहां लोगों का इलाज प्रारम्भ करा दिया। इधर केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी अस्पताल पहुंचकर मरीजों से बातचीत की। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि सिंगारपुर से बड़ी संख्या में लोगों का स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी आई जिसके बाद वहां मेडिकल टीम भेजी गई. प्राथमिक तौर पर फूड पॉइजनिंग का मामला लग रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि फूड पॉइजनिंग के कारण ज्यादातर लोगों को हल्का इंफेक्शन है। कुछ बच्चों को गंभीर इंफेक्शन नजर आ रहा था लेकिन इलाज के बाद उनकी स्थिति भी ठीक है।