अयोध्या के केंट इलाके में सोमवार को एक दर्जन से ज्यादा हथगोले मिले, जिससे पूरे शहर में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में मिले हथगोले ने सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया। जिसके बाद पूरे इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को कुल 18 हथगोले खाली जगह पर मिले। जिन्हे नष्ट कर दिया गया है। ये हथगोले निर्मलीकुंड के अंडरग्राउंड में पाए गए।
खास बात यह है कि यह इलाका सेना की फायरिंग रेंज से कुछ ही दूरी पर है। यहां रहने वाले स्थानीय लोगों ने पुलिस को झाड़ियों में बम मिलने की सूचना दी। पुलिस और सैन्य खुफिया अधिकारी मौके पर पहुंचे और हथगोले को जब्त कर लिया।
कहा जा रहा है कि इन हथगोले में कोई फ्यूज या पिन नहीं था। हो सकता है कि सैन्य अभ्यास के दौरान हथगोला गिर गया हो। हालांकि इस दावे से सवाल यह भी उठता है कि फायरिंग रेंज से ढाई किलोमीटर दूर झाड़ियों तक यह हथगोला कैसे पहुंचा?
निर्मलीकुंड रिहायशी इलाका है और यहां ग्रेनेड पहुंचने की संभावना नहीं है। निर्मलीकुंड हाई अलर्ट वाला इलाका माना जाता है। यहां इतनी बड़ी संख्या में हथगोले मिलने की खबर से प्रशासन भी सतर्क हो गया है।