2000 Rupee Note Exchange: देश के सभी बैंकों और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की 19 क्षेत्रीय शाखाओं में आज यानी मंगलवार से दो हजार रुपये के नोट एक्सचेंज की प्रक्रिया शुरू हो गई हैं. रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि लोगों के पास चार महीने का पर्याप्त समय है. बेझिझक बैंक जाएं और नोट एक्सचेंज करें, घबराने की जरूरत नहीं है.
बैंकों के पास पर्याप्त व्यवस्था-
बैंकों के पास पर्याप्त पैसा है. दास ने कहा कि बैंक शाखाओं में भीड़ भाड़ की कोई संभावना नहीं है. नोट बदलने के लिए जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने लोगों से भीड़ न लगाने का अनुरोध भी किया. दास ने स्पष्ट किया कि उद्योगपतियों समेत कोई भी दुकानदार 2000 रुपए के नोट लेने से मना नहीं कर सकता.
ये लोग भी बदल सकते हैं नोट-
2000 के नोट को चलन से वापस लेने के फैसले के बाद पहली बार आरबीआई गवर्नर दास ने कहा कि जिनके पास बैंक खाता नहीं है, लेकिन 2000 के नोट हैं, उनके लिए नोट बदलने की प्रक्रिया बाकी सभी की तरह लागू होगी. दास ने कहा, लोगों को निश्चिंत रहना चाहिए, पर्याप्त संख्या में मुद्रित नोट उपलब्ध हैं. आरबीआई और बैंकों के करेंसी चेस्ट में पर्याप्त पैसा है.