कई जगहों पर गिरी आकाशीय बिजली
भोपाल: मध्य प्रदेश मेें मौसम अब तांडव सा मचा रहा है। बारिश और बिजली गिरने के कारण अनेक जगहों पर हादसे हो रहे हैं जिनमें कई लोगों ने अपनी जानें भी गंवा दी है। प्रदेश में बिजली गिरने और पानी में बहने से लोगों की मौतें हो रहीं हैं। बिजली गिरने से गुरुवार को तो कई मौत हो गईं और कई अन्य घायल हो गए। दो अलग—अलग जगहों पर ही हुए हादसों में 3 की मौत हो गई जबकि करीब 15 लोग बुरी तरह झुलस गए। ऐसा ही एक हादसा छिंदवाड़ा जिले में हुआ जहां आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई जबकि 3 अन्य लोग बुरी तरह घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है। इससे पहले प्रदेश के खंडवा जिले में पंधाना में भी बिजली गिरने से 12 मजदूर बुरी तरह झुलस कर घायल हो गए थे। यहां नाला उफनाने से भी दो लोग बहे थे जिसमें से एक की मौत हो गई थी।
छिंदवाड़ा में पांढुर्णा में गुरुवार को यह हादसा हुआ। यहां आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार इस हादसे में तीन अन्य लोग भी झुलस गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर खंडवा के पंधाना में मानसून आते ही शुरू हुई तूफानी बारिश के बीच बिजली गिरने से 12 मजदूर घायल हो गए। ये सभी मजदूर उस समय खेत में काम कर रहे थे। घटना पंधाना तहसील के ग्राम कालंका में की है। सभी घायलों को सामुदायिक केंद्र पंधाना लाया गया जिनमें अधिकतर महिलाएं व युवतियां मजदूर शामिल हैं। एक मजदूर की हालत गंभीर होने से जिला अस्पताल खंडवा रैफर किया गया। घायल को देखने पंधाना विधायक राम दांगोरे भी जिला अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर को संबंधित निर्देश दिए।
बताते हैं कि ग्राम पोखरखुर्द से करीब 200 मजदूर अरबी खोदने कालंका गए थे। शाम को अचानक बादल छाए और गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। जानकारी के अनुसार बारिश से बचने के लिए सभी मजदूर यहां खड़े आयशर वाहन के पास चले गए। इसी दौरान बिजली गिरी जिससे यहां खड़े एक दर्जन मजदूर झुलस गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। बीएमओ डॉ. जीएस तोमर ने बताया कि सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। एक घायल नंदराम की हालत नाजुक थी, उसे जिला अस्पताल भेजा गया है।