भोपाल. पुणे के एक शख्स ने कुरबानी के लिए 7 लाख में बकरा खरीदा है. लंबे कान, मजबूत शरीर और गजब की ऊंचाई वाले इस बकरे का नाम टाइटन है. बकरीद पर कुर्बानी लिए 7 लाख रुपए का यह बकरा भोपाल में बिका है। कोटा प्रजाति के इस बकरे को तैयार करने वाले सैयद शाहेब अली का दावा है कि यह देश का सबसे महंगा बकरा है. इसे घी, मक्खन और जड़ी-बूटियां खिलाकर तैयार किया गया है।

इसके अलावा भोपाल का ही गुंडा नाम का बकरा 2.5 लाख रुपए और तैमूर नाम का बकरा 2 लाख रुपए में बिका है। इन बकरों को भी शाहेब अली ने ही तैयार किया है। इन बकरे को खरीदने वाले पुणे निवासी माज खान हैं जोकि अच्छी नस्ल के महंगे बकरे हैदराबाद से लेकर कश्मीर तक देख चुके हैं लेकिन उनकी तलाश भोपाल आकर ही खत्म हुई।

पुणे निवासी माज खान ने बताया कि उनके पास खुद का गोट फार्म भी है। वे इस साल कश्मीर, हैदराबाद और सूरत तक हो आए लेकिन इंडियन प्रजाति के अच्छे बकरे नहीं मिले। भोपाल आए तो उन्हें कोटा प्रजाति के 3 बकरे मिले। उनका कहना है कि अल्लाह को सबसे बेहतरीन बकरे की कुर्बानी दी जाती है। इसकी हम पूरे साल तलाशी करते हैं। इस तलाशी पर हर साल 8 से 10 लाख रुपए खर्च हो जाते हैं। उनका कहना है कि कोरोना के बाद किसान बकरों की इंडियन ब्रीड तैयार नहीं कर रहे, इसलिए कीमत बढ़ गई है।