बड़वानी के पलसूद गांव का एक पेड़ इन दिनाें सबके लिए आश्चर्य का कारण बन गया है। इस पेड़ पर लगे नारियल जैसे फल काे देखकर हर कोई ललचा रहा है लेकिन इसे खाने का काेई भी साहस नहीं जुटा पा रहा है। इसका कारण ये है कि पेड़ से गिरते ही इन फलों में पटाखे की तरह विस्फोट हो रहा है। इससे लाेग जहां हैरान हैं वहीं खासे डरे हुए भी हैं। लाेगाें ने इसकी सूचना पुलिस काे भी दी। इसके बाद फल के सैंपल लेकर उसे जांच के लिए भेजा गया है। 

फलाें के फटने की बात किसी अनजाने के गले नहीं उतर रही। वन विभाग की टीम भी यही सोच रही थी लेकिन जब माैके पर पहुंची ताे माजरा देख अवाक रह गई. टीम ने जैसे ही एक फल काे जमीन पर फेंका ताे वह तेज धमाके के साथ फट गया। अब वन विभाग के अधिकारी भी उलझन में पड़ गए हैं। 

बताते हैं कि गांव का एक किसान जब खेत में पेड़ाें काे काटने में जुटा हुआ था तभी एक फल नीचे गिरा और तेज धमाके की आवाज के साथ फट गया। इस हादसे में किसान की एक उंगली भी चाेटिल हाे गई। आसपास के लाेगाें के पूछने पर जब किसान ने पेड़ से फल गिरने के बाद पटाखे जैसे फूटने की बात कही ताे किसी काे उसकी बात हजम नहीं हुई। इसके बाद कई अन्य लाेगाें ने भी फलाें काे फेंककर देखा ताे वे फट गए। इसके बाद वन विभाग और पुलिस तक भी यह बात पहुंच गई।

वन विभाग के अफसरों को भी अभी तक इस बात पर यकीन नहीं हो रहा है। डीएफओ एसएल भार्गव ने बताया कि पलसूद में बम या पटाखे जैसे फूटने वाले एक फल की जानकारी मिली है।फिलहाल उसका सैंपल लिया है और इसे जबलपुर लैब में भेजा है। उन्होंने कहा कि हमने ऐसा कभी देखा सुना नहीं है। फल के फटने के पीछे क्या कारण है, जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। वहीं वनस्पति विशेषज्ञ का कहना है कि इस तरह के पेड़ और फल होते तो हैं पर वे यहां नहीं पाए जाते। जांच के बाद ही सारी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।