भोपाल से लौट रहे थे कार सवार
मध्यप्रदेश में भीषण रोड एक्सीडेंट में अलग—अलग जगहों पर 4 लोगों की मौत हो गई है। एक दुर्घटना में कार सवार 3 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक अन्य हादसे में एक कार सवार ने दम तोड़ दिया।
प्रदेश के ग्वालियर में एक ट्रक और कार की टक्कर हो गई। घाटीगांव में हुई इस भीषण भिड़ंत में कार सवार एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतकों के नाम विद्या देवी, भगवती प्रसाद और अशोक बताए जा रहे हैं। इस हादसे में मनोज सिंघल भी घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि 70 साल की विद्या देवी समेत ये सभी भोपाल से ग्वालियर लौट रहे थे। हादसे में सभी मृतक थाटीपुर के मयूर मार्केट के रहने वाले थे। दुर्घटना के बाद उनके परिजनों को ये दुखद सूचना दे दी गई है।
इससे पहले इंदौर में रोड एक्सीडेंट में नगर निगम के एक ठेकेदार की मौत हो गई।सुपर कॉरिडोर पर बुधवार देर रात उनकी कार को सूरत-कानपुर बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार ठेकेदार गौरव साहू की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसें में उनके साथी मुकेश साहू भी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताते हैं कि ये दोनों सुपर कॉरिडोर से उज्जैन की तरफ जा रहे थे। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।