ग्वालियर में एयरफोर्स ऑफिसर ने फांसी लगाकार जान दे दी। पुलिस को मौके पर डायरी मिली है, इसमें 'हैप्पी बर्थडे पापा … सॉरी' लिखा हुआ है। एयरफोर्स अफसर ने यूनिफॉर्म में ही फांसी लगाई और उस समय यह ईयरफोन भी लगाए था। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मौके पर पहुंच जांच कर रही है। 

फांसी लगाकार जान देने वाले जयदत्त सिंह एयरफाेर्स में फ्लाइंग ऑफिसर थे। 25 वर्षीय जयदत्त इंजीनियरिंग के बाद एयरफोर्स में सिलेक्ट हुए थे। वे गुजरात के भावनगर के रहने वाले थे और दो साल की ट्रेनिंग के लिए ग्वालियर आये थे। वे यहां एयरफोर्स के ऑफिसर मैस के हॉस्टल में रहते थे। 

पुलिस ने बताया कि ड्यूटी पर नहीं पहुंचने पर उनके साथी कमरे पर पहुंचे। जब कई बार खटखटाने पर भी दरवाजा नहीं खुला, तो साथियों को अनहोनी की आशंका हुई। खिड़की से देखा गया तो जयदत्त फंदे पर लटके दिखाई दिए। जिसके बाद तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस काे सूचना दी गई ।

एयरफोर्स ऑफिसर जयदत्त सिंह के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस के मुताबिक परिजनों के ग्वालियर पहुंचने पर शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से पूछ्ताछ के बाद ही आत्महत्या का कारण सामने आ सकेगा।