केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी और लगातार हो रही टारगेट किलिंग के बीच अहम बैठक की हैं. अमित शाह ने सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा करने के साथ ही तैयारियों की समीक्षा के लिए सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक हाई लेवल मीटिंग की।

अमित शाह का यह दौरा इसलिए भी काफी अहम है क्योंकि कुछ दिन पहले नए साल के मौके पर राजौरी में आतंकियों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया था। आतंकी हमले के बाद अमित शाह का ये दौरा पहले से ही तय हो चुका था, जिसमें बताया गया था कि गृहमंत्री राजौरी हमले के पीड़ितों से मुलाकात करेंगे, साथ ही सुरक्षा को लेकर अहम बैठक लेंगे। अमित शाह के दौरे से पहले पूरी घाटी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

पीड़ित परिवारों ने गृहमंत्री के सामने रखी ये मांग-

गृह मंत्री अमित शाह ने राजौरी के अप्पर डांगरी में शहीद हुए जवानों के परिवारों से बात की। इन परिवारों ने कहा कि हमने अमित शाह के सामने सुरक्षा का मुद्दा उठाया और डांगरी सहित संवेदनशील इलाकों में सेना की तैनाती की मांग की, जिसे अमित शाह ने स्वीकार किया। साथ ही कई परिवारों ने इन इलाकों में ग्राम सुरक्षा समितियों को मजबूत करने की मांग भी उठाई है।

सुरक्षा के लिहाज से शाह के दौरे से पहले पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवानों को तैनात किया गया है, जबकि भारतीय सेना के जवानों को ऊपरी इलाकों में तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि डांगरी गांव पर कड़ी नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस और सीएपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी गुरुवार शाम को इलाके का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था।