महू ( इंदौर, म. प्र.): अखिल भारतीय काव्य, कथा एवं कला परिषद के संस्थापक, साहित्यकार जगदीश प्रसाद तिवारी, उक्त संस्था के अध्यक्ष अब्दुल हमीद एडवोकेट, उपाध्यक्ष बसंत कुमार सनौरा एडवोकेट ने संयुक्त रूप से बताया कि गत दिवस वीणा तिवारी की स्मृति में सम्मान समारोह का आयोजन व पुस्तक विमोचन कार्यक्रम स्थानीय लोधी क्षत्रिय समाज धर्मशाला में किया गया। 

        उक्त कार्यक्रम में पत्रकारिता, विधि, साहित्य, संगीत, समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देनेवाले व्यक्तित्वों का पुष्पहारों से स्वागत कर, उन्हें प्रतीक चिह्न व सम्मान पत्र प्रदत्त किये गये। 

       पत्रकार वर्ग में- वरिष्ठ पत्रकार डा. नवीन आनंद जोशी भोपाल, चेतन आनंद इंदौर तथा अभिभाषक वर्ग में- वरिष्ठ अभिभाषक राजेश नेनावा, विनोद गोठवाल महू व रूचिर पाराशर इंदौर, संगीत के गायन- वादन क्षेत्र में सुरेश मजदे तथा समाज सेवा वर्ग में- हरिसिंह जरिया का पुष्पहारों से स्वागत कर, उन्हें प्रतीक चिह्न प्रदान किये गये। जो प्रबुद्ध व्यक्तित्व उपस्थित नहीं हुए उनके प्रतीक चिह्न व सम्मान पत्र एक सप्ताह बाद उनके पते पर भेज दिये जायेंगे। 

       उक्त कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार रामलाल प्रजापति ने अपने संबोधन में कहा कि व्यक्ति का सम्मान करना समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है। पत्रकार, अभिभाषक, साहित्यकार, संगीतकार, समाज सेवी समाज में जागरूकता, नैतिकता, सकारात्मक परिवर्तन के संवाहक होते हैं। ऐसे व्यक्तित्वों का सम्मान करना समाज का परम कर्तव्य है। वीणा तिवारी की स्मृति में यह सम्मान समारोह प्रेरणादायी व अनुकरणीय पहल है, जो समाज में सेवा व सृजन की भावना को सशक्त करता है। 

       इस अवसर पर भोपाल से पधारे वरिष्ठ पत्रकार डा. नवीन आनंद जोशी ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में कहा कि वीणा तिवारी की स्मृति में सम्मान समारोह का आयोजन प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता, साहित्य, विधि, संगीत, समाज सेवा एक दूसरे के पूरक हैं। एक स्वस्थ, संवेदनशील, जागरूक समाज के निर्माण में इन सभी क्षेत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे सम्मान समारोहों के साथ, इन विषयों पर कार्यशाला भी आयोजित होनी चाहिए। ऐसा सम्मान समारोह देखकर मैं अभिभूत हूँ। ऐसे कार्यक्रम समाज में निरंतर होते रहना चाहिए, ताकि प्रतिभाओं का मनोबल बढ़े। समाज अपने आप में एक प्रेरणा बन जाये। 

        सम्मान समारोह के पश्चात संस्था के संस्थापक, विज्ञान काव्य- कथा लेखक, वरिष्ठ साहित्यकार, पत्रकार जगदीश प्रसाद तिवारी के काव्य संग्रह- टूट गये वीणा के तार व विज्ञान कविता संग्रह- प्रकृति, अद्भुत है तेरा संसार, का उपस्थित विशेष अतिथि, वरिष्ठ अभिभाषक सुरेश सक्तावत, महेश विजयवर्गीय, शिक्षाविद् कुरैशी, रामलाल प्रजापति, डा. नवीन आनंद जोशी व अन्य प्रबुद्धजनों द्वारा किया गया। 

     उक्त कार्यक्रम का सुंदर व सफल संचालन उक्त संस्था के परामर्शदाता, वरिष्ठ अभिभाषक उमेश चौरसिया द्वारा किया गया। उक्त अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार विजय कुमार विजयवर्गीय, लोट व अन्य गणमान्य जन उपस्थित थे।

    अंत में आभार प्रदर्शन उमेश चौरसिया एडवोकेट व अब्दुल हमीद एडवोकेट द्वारा व्यक्त किया गया।

   डॉ. नवीन आनंद जोशी, चेतन गंधे को पत्रकार रत्न सम्मान तथा अभिभाषक राजेश नेनावा, विनोद गोठवाल, रूचिर पाराशर को विधि सेवा सम्मान व सुरेश मजदे को गायन- वादन क्षेत्र में महू गौरव सम्मान एवं हरिसिंह जरिया को समाज सेवा सम्मान प्रदत्त किया गया।