Opposition Meeting in Patna: अगले साल 2024 में लोकसभा चुनाव होना है. विपक्ष द्वारा चुनाव से पहले विपक्षी एकजुटता पर बल दिया जा रहा है. ताकि पूरा विपक्ष एक साथ आकर मोदी सरकार को मात दे सकें. इसके लिए बिहार की राजधानी पटना में विपक्षी दलों की बैठक नीतीश कुमार की अगुवाई में बुलाई गई.

इस बैठक में मोदी सरकार के खिलाफ नीतीश कुमार के बुलावे पर 15 दलों के नेता एक साथ पटना में इकठ्ठा हुए. इस बैठक में छह राज्यों के सीएम और 5 राज्यों के पूर्व सीएम शामिल हुए. बैठक में यह तय हुआ है कि राज्य के सीएम नीतीश कुमार विपक्षी एकता के संयोजक होंगे.

अमित शाह बोले- मोदी जी का प्रधानमंत्री बनना तय 

तो वहीं, अब बीजेपी इस बैठक के ज़रिये विपक्षी एकजुटता पर तंज कस रहीं हैं. पीएम मोदी के 9 साल पूरे होने पर एक महीने का देशव्यापी कार्यक्रम 'महाजनसंपर्क अभियान' चल रहा है. इसके तहत शुक्रवार यानी आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू के दौरे पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी एकजुटता पर ज़ोरदार पलटवार किया.

अमित शाह बोले, आज 23 तारीख को पटना में एक फोटो सेशन चल रहा है. सारे विपक्ष के नेता एक मंच पर इकठ्ठा हो रहे हैं और संदेश देना चाहते हैं कि हम भारतीय जनता पार्टी को, NDA और मोदी जी को चैलेंज करेंगे. मैं सारे विपक्ष के नेताओं को ये कहना चाहता हूं कि कितना भी हाथ मिला लो आपकी एकता संभव नहीं है और अगर हो भी गई तो कितने भी इकट्ठा होकर जनता के सामने आ जाइये 2024 में 300 से ज्यादा सीटों के साथ मोदी जी का प्रधानमंत्री बनना तय हैं.