Amit Shah Bihar Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार के दौरे पर हैं. उन्होंने गुरुवार यानी 29 जून को लखीसराय में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विपक्षी एकजुटता पर तंज कसते हुए लोकसभा चुनाव में जनता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनने की अपील की.

देंखे लाइव:

 

अमित शाह ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए लोकसभा चुनाव 2024 का आग़ाज किया और कहा, बिहार की जनता ने 2014 में प्रधानमंत्री मोदी को 31 सीटें दीं और 2019 में 53% वोट के साथ 39 सीटें दीं. अब समय आ गया है, एक-दो सीटों की जो कमी रह जाती है उसको भी पूरा कर दीजिये और 2024 में सभी की सभी सीटें NDA को दीजिये.

मोदी सरकार के बीते 9 साल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए अमित शाह बोले, आजादी से अब तक, भारत के किसी प्रधानमंत्री ने देश के किसानों को 6,000 रुपए की आर्थिक सहायता देने का काम नहीं किया, जबकि पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत देश के करोड़ों किसानों को सालाना 6,000 रुपए उनके बैंक खाते में ट्रांसफर करने का काम किया. जल जीवन मिशन के तहत गरीबों के घरों में पीने का शुद्ध जल, आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों गरीबों को 5 लाख रुपए तक का हेल्थ कवर, स्वच्छ भारत अभियान के तहत अकेले बिहार में सवा करोड़ माताओं को घर में शौचालय बनाकर दिया. एक करोड़ 80 लाख लोगों को ढाई साल से मुफ्त अनाज देने का काम मोदी सरकार कर रही है.

पीएम के विदेश दौरों पर अमित शाह ने कहा, विश्वभर में प्रधानमंत्री मोदी जहां-जहां जाते हैं मोदी-मोदी के नारे लगते हैं. अभी हाल ही में अमेरिका गए थे, तो वहां कोई ऑटोग्राफ मांग रहा था, कोई अपॉइंटमेंट मांग रहा था, तो कोई पैर छू कर आशीर्वाद ले रहा था. ये मोदी का सम्मान नहीं है, आपका और पूरे देश का सम्मान है.

बिहार में धारा-370 पर भी अमित शाह बोले, कांग्रेसी कहते थे कि कश्मीर से धारा-370 हटेगी तो खून की नदियां बह जाएंगी, लेकिन कश्मीर से धारा-370 को हटाया गया और किसी की कंकड़ चलाने की भी हिम्मत नहीं हुई. आज कश्मीर भारत का मुकुटमणि बन गया है.

बिहार के विकास कार्यों को लेकर अमित शाह ने कहा, बिहार में मुंगेर से बेगूसराय तक रेल सड़क को डबल करने और पुल के निर्माण का काम मोदी सरकार ने किया. मुंगेर में इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित करने का काम और मुंगेर में मेडिकल कॉलेज बनाने का काम, इसके साथ ही रोडवेज के लिए 3 लाख करोड़ के 13 ग्रीन फिल्ड एक्सप्रेसवे मोदी सरकार ने दिए हैं. पटना में मेट्रो का काम शुरू किया, उड़ान योजना से दरभंगा को जोड़ा और शिवहर जनपद में केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, डिग्री कॉलेज, झंझारपुर में मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज सहित बिहार में कई विकास के काम हमारी सरकार ने किए हैं.

अमित शाह ने नीतीश कुमार पर भी खुलकर तंज कसा और कहा, जो नेता हर बार घर बदले, उस पर विश्वास कर सकते हैं क्या? ऐसे व्यक्ति के हाथ में बिहार सौंपना चाहिए क्या? अब उनको भी मालूम है, इसलिए आज प्रधानमंत्री बनने के लिए कांग्रेस के घर पर जाकर चौखट पर बैठे हैं. लेकिन उनको कुछ नहीं बनना है वो लालू जी को मूर्ख बना रहे हैं. वो सिर्फ मुख्यमंत्री रहना चाहते हैं.

विपक्षी एकजुटता के ज़रिये कांग्रेस पर हमला बोलते हुए अमित शाह बोले, कांग्रेस 20 साल से राहुल बाबा की लॉन्चिंग कर रही है, लेकिन ये लॉन्च ही नहीं होते हैं. इस बार भी कांग्रेस ने पटना में राहुल गांधी के लॉन्चिंग का विफल प्रयास किया है. बिहार की भूमि जय प्रकाश की भूमि है, जहां से भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन शुरू हुआ था. नीतीश बाबू आपको शर्म आनी चाहिए कि 20 लाख करोड़ के घपले, घोटाले और भ्रष्टाचार करने वाली कांग्रेस, लालू प्रसाद यादव और अरविंद केजरीवाल के साथ बैठकर आप सत्ता हथियाने का प्रयास कर रहे हैं.