भोपाल: लोक सेवा गारंटी कानून के तहत मप्र में विभिन्न विभागों की कुल 600 सेवायें नागरिकों को निर्धारित समयावधि में प्रदान की जा रही हैं। इन सेवाओं की संख्या बढ़ाने के लिये अगले माह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान घोषणा करेंगे। राज्य के लोक सेवा प्रबंधन विभाग के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी ने सभी विभागों को परिपत्र जारी नई सेवाओं की जानकारी देने के लिये कहा है।

जारी परिपत्र में कहा गया है कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2010 के अंतर्गत विभिन्न विभागों की कुल 600 सेवाओं को लोक सेवा गारंटी अधिनियम अन्तर्गत अधिसूचित किया जा चुका है। शासकीय सेवाओं को नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा में सरलतापूर्वक प्रदान कराना शासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। उपरोक्त के अनुक्रम में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आगामी माह में एक कार्यशाला प्रस्तावित है, जिसमें विभागों की ऐसी सेवाएं जो कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2010 के अंतर्गत अधिसूचित की जा सकती हों, के संबंध में घोषणा की जानी हैं। इसलिये सभी विभागों की लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2010 के अंतर्गत अधिसूचित की जाने वाली सेवाओं की सूची राज्य लोक सेवा अभिकरण पोर्टल पर विभाग के लॉगिन अंतर्गत अपलोड की जायें।