भोपाल: राज्य के वाणिज्यिक कर विभाग के अंतर्गत आने वाले आबकारी कार्यालय ने अपनी लायसेंस की व्यवस्था पूर्णतया ऑनलाईन करने के लिये नया ई-आबकारी पोर्टल लांच कर दिया है तथा इसके एडमिन भी नियुक्त कर दिये हैं परन्तु इन एडमिन को वित्तीय मामलों में बदलाव का अधिकार नहीं होगा।
आबकारी आयुक्त राजीव दुबे ने इस संबंध में आदेश जारी कर ई-आबकारी पोर्टल के सुरक्षित संचालन के लिये एसओपी जारी की है। पोर्टल के एडमिन सिस्टम एनालिस्ट सह डेटाबेस एडमिनिस्टर शरद रघुवंशी एवं एनआईसी के राहुल प्रगल्भ नियुक्त किये गये हैं।
ये एडमिन संबंधित कार्यालयों से प्राप्त होने वाले पत्रों, आदेशों के अनुक्रम में, दिन-प्रतिदिन आने वाली सामान्य समस्याओं एवं विशेष परिस्थितियों का निराकरण अपने स्तर पर करेंगे लेकिन ई-वॉलेट, फीस, ट्रेजरी हेड्स एवं अन्य वित्तीय संबंधी संशोधन, कम्प्यूटराईजेशन शाखा प्रभारी अधिकारी कैप्म कार्यालय भोपाल की अनुमति पर ही कर सकेंगे।
एसओपी में यह भी कहा गया है कि पोर्टल पर समस्याओं के निराकरण हेतु एडमिन माड्यूल पर कोई विकल्प उपलब्ध नहीं है, इसलिये एडमिन समस्या का परीक्षण करें और समस्या के निराकरण हेतु आबकारी आयुक्त या अपर आबकारी आयुक्त की अनुमति उपरान्त एनआईसी पश्चिम बंगाल के डेवलपर से सम्पर्क कर समस्या का निराकरण करवायें।
एसओपी में कहा गया है कि पोर्टल पर जिन अधिकारियों/कर्मचारियों के नाम से लॉगिन आईडी बनाई गई हैं, वह अपना पासवर्ड किसी अन्य व्यक्ति से शेयर न करें। पोर्टल पर किसी आईडी से किया गया कार्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी द्वारा किया गया माना जायेगा एवं तदानुसार संबंधित की जिम्मेदारी तय की जायेगी।