भोपाल: राज्य सरकार संस्कृति विभाग के अंतर्गत आने वाले स्वराज संस्थान संचालनालय भोपाल द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी स्मारक न्यास बनाने की कार्यवाही प्रारंभ की गई है। इसके लिये उसने भोपाल के रजिस्ट्रार पब्लिक ट्रस्ट के समक्ष आवेदन कर दिया है। फिलहाल इस न्यास की चल सम्पत्ति के रुप में 1 हजार 995 रुपये रखे गये हैं तथा न्यास बनने के बाद इसमें अन्य स्रोतों से भी राशि लेकर जमा की जायेगी।
उल्लेखनीय है कि स्वराज संस्थान की स्थापना वर्ष 1998 में की गई है तथा इसका कार्य स्वाधीनता संघर्ष से लेकर स्वराज तक की बहुविध प्रश्नों पर केन्द्रित उच्च स्तरीय गतिविधियों का संचालन, स्वाधीनता संघर्ष के स्मृति चिन्हों को एकत्र कर प्रदर्शित करना, भारत और दुनिया भर में हुये स्वाधीनता संघर्ष पर केन्द्रित फिल्मों, समाचार-पत्रों, पुस्तकों, चित्रों और अन्य माध्यमों की रचनाओ का संग्रह, निर्माण, प्रदर्शन, अध्ययन, शोध, व्याख्यान एवं गोष्ठियां आदि कार्यक्रमों का आयोजन करना है।
संस्थान के अंतर्गत डॉ. शंकरदयाल शर्मा राज्य संग्रहालय एवं वाचनालय तथा धर्मपाल शोधपीठ एवं महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ भी पहले से ही बनी हुई है। अब यह संस्थान अटलजी पर केन्द्रित कार्यों को करने के लिये नया न्यास बनाने जा रहा है जो अगले माह तक विधिवत रुप से गठित हो जायेगा।