कर्नाटक में अगले कुछ ही महीने में विधानसभा चुनाव-2023 होने वाले हैं. ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी राज्य में अपनी सक्रियता तेज़ कर दी हैं. तीन पूर्वोत्तर राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड में बीजेपी का कमल खिलाने के बाद केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कर्नाटक में भी मोर्चा संभाल लिया हैं.
कर्नाटक के बीदर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह बोले, मुझे आज कर्नाटक में उपस्थित होकर खुशी हो रही है, और मैं आप सभी की भारी उपस्थिति के लिए धन्यवाद देता हूं. आप सभी जानते होंगे कि North East Region में क्या हुआ है. कांग्रेस वहां इस कदर खोई हुई है कि माइक्रोस्कोप से भी उसकी तस्वीर नहीं मिल सकती.
देंखे लाइव-
कांग्रेस पर वार, चुनावी साल..! शाह की हुंकार
कांग्रेस पर तीख़ा हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि कल ही कर्नाटक से हजारों किमी. दूर उत्तर पूर्व में (त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय) कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है और ऐसे हारे हैं कि दूरबीन लेकर भी दिखाई नहीं पड़ रहे हैं. कांग्रेस को नागालैंड में 0 सीट, मेघालय में 3 सीट और त्रिपुरा में सिर्फ 4 सीट मिली है. कहा जाता था कि पूर्वोत्तर में भाजपा का प्रवेश नहीं हो सकता, वहां दूसरी बार NDA और भाजपा की सरकार बन रही है. मोदी जी का जादू पूर्वोत्तर से लेकर गुजरात, उत्तर प्रदेश से लेकर कर्नाटक तक सिर चढ़कर बोलता है.
उन्होंने आगे बताया कि विजय संकल्प रथ यात्रा जल्द ही शुरू होने वाली है, और यह भाजपा के विजय के संकल्प का प्रतीक नहीं है, बल्कि गरीब जनता के विजय के लिए, गरीब लोगों के कल्याण के लिए संकल्प है.
कांग्रेस से लेकर AAP तक पर किया वार-
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी का स्तर दिन-प्रतिदिन गिरता जा रहा है. ये नारे लगा रहे हैं 'मोदी तेरी कब्र खुदेगी', आम आदमी पार्टी वाले कह रहे हैं 'मोदी तुम मर जाओ'. ऐसा कहने से ईश्वर आपकी नहीं सुनेगा, क्योंकि देश की 130 करोड़ जनता मोदी जी की लंबी आयु के लिए प्रार्थना कर रही है.
उन्होंने आगे कहा कि यह स्थान सरदार पटेल के योगदान को कभी नहीं भूल सकता, जिन्होंने पुलिस कार्रवाई की मदद से इस क्षेत्र और देश को निजामों के चंगुल से मुक्त कराने में मदद की. हमारी सरकार कर्नाटक में महान विकास सुनिश्चित कर रही है और धार्मिक रूप से अनुच्छेद 371 जे का पालन कर रही है. पिछले बजट में हमने 3,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं. इस साल के बजट में इसके लिए 5,000 करोड़ रुपये हैं.
परिवारवाद पर शाह की हुंकार-
परिवारवाद का जिक्र करते हुए अमित शाह बोले, जेडीएस और कांग्रेस दोनों परिवारवादी पार्टियां हैं, ये कभी कर्नाटक का कल्याण नहीं कर सकती हैं. सिद्धारमैया ने दिल्ली में रहने वाले एक 'परिवार' के लिए एटीएम बनने के अलावा कुछ नहीं किया. उन्होंने भ्रष्टाचार के अलावा और कुछ नहीं दिया. मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि ऐसे लोगों को कभी कोई मौका न दें और कभी भी अपने आप को जोखिम में न डालें. क्योंकि जेडीएस और कांग्रेस, दोनों 'पारिवारिक दल' हैं. वे कभी भी लोगों के कल्याण के बारे में नहीं सोच सकते. इनका झुकाव सिर्फ अपने स्वार्थी उद्देश्यों को पूरा करने की ओर होता है.
उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी ने निजलिंग गप्पा को अपमानित किया. राजीव गांधी ने कद्दावर नेता वीरेंद्र पाटिल जी को एयरपोर्ट पर अपमानित किया. पार्टी के नेताओं का अपमान करने वाली कांग्रेस कर्नाटक का सम्मान कैसे करेगी? मोदी सरकार का PFI बैन एक अच्छा फैसला था और हमारी डबल इंजन की सरकार डबल स्पीड से काम करती रही है. दूसरी ओर, कांग्रेस और जेडीएस ने कभी भी कर्नाटक में विकास सुनिश्चित नहीं किया है.
मिशन कर्नाटका पर अमित शाह-
अमित शाह बोले, पीएम-किसान योजना के तहत बढ़ती वित्तीय सहायता के माध्यम से बुनियादी ढांचे के विकास से लेकर किसानों के कल्याण को सुनिश्चित करने तक, हमने राज्य में समग्र समृद्धि लाई है. विकास को आगे बढ़ाने के लिए, राज्य और देश में सुरक्षा और समृद्धि को आगे बढ़ाने के लिए, मोदी जी को वोट दें, बीजेपी को वोट दें.