बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ओर से बिहार के पटना में हनुमत कथा का कार्यक्रम आयोजित किया गया। लेकिन गर्मी के कारण कथा के पहले दिन ही लोगों की सेहत बिगड़ने लगी, जिसके चलते बागेश्वर बाबा ने सोमवार (15 मई) को होने वाले दिव्य दरबार को रद्द कर दिया है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में कभी पटना आएंगे तो दिव्य दरबार लगेगा। फिलहाल कथा पूरे पांच दिन चलेगी। लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए दिव्य दरबार को रद्द करने का निर्णय लिया गया है।

गौरतलब है कि बागेश्वर बाबा की कथा के पहले दिन बिहार से अश्विनी चौबे, गिरिराज सिंह समेत भाजपा के कई दिग्गज पहुंचे थे। आयोजकों ने व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे किए थे लेकिन कथा के पहले दिन ही सारे के सारे दावे खोखले साबित हुए। अगले दिन भी स्थिति जस की तस बनी रही। 

भीषण गर्मी में भी लोग कथा सुनने पहुंचे। इस वजह से कथा के लिए बनाए गए पंडाल में उमस होने लगी और ऑक्सीजन की कमी से लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। लोगों के साथ ऐसा होते देख बागेश्वर बाबा ने समय से पहले कथा का अंत कर दिया।

धरी की धरी रह गईं सारी व्यवस्थाएं

उन्होंने खुद मंच से घोषणा की कि इस आयोजन में बहुत कम संख्या में लोग शामिल हों। लोग उनकी कथासोशल मीडिया या टीवी पर भी सुन सकते हैं। इसके अलावा 15 मई को होने वाला बाबा का दिव्य दरबार भी रद्द कर दिया गया है। 

ज्ञात हो कि बागेश्वर बाबा की कथा सुनने के लिए बिहार ही नहीं नेपाल से भी लोग आ रहे हैं। बताया जा रहा था कि कथा के अलावा दिव्य दरबार में भारी भीड़ होगी। इसलिए पुलिस बल और दंडाधिकारी को तैनात करने के आदेश दिए गए हैं।