भारत में बैंक कर्मचारियों की एक पुरानी मांग होने को है। केंद्र सरकार बैंक कर्मचारियों के 5 कार्य दिवसों वाले सप्ताह की मांग पर मुहर लगाने की तैयारी में है। इसकी जल्द अधिसूचना जारी हो सकती है और बदलाव को प्रभाव में लाया जा सकता है।
अगर ऐसा होता है तो बैंक कर्मचारियों को अब हर सप्ताह सिर्फ 5 दिन ही काम करना होगा। अभी बैंक कर्मचारियों को महीने के हर रविवार को तो छुट्टी मिलती है, लेकिन हर शनिवार को बैंकों में छुट्टी नहीं होती है। महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक कर्मचारियों की छुट्टी होती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इंडियन बैंक एसोसिएशन ने इस संबंध में सरकार को प्रस्ताव भी दिया था। अब यह बताया जा रहा है कि सरकार इंडियन बैंक एसोसिएशन के प्रस्ताव पर सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ रही है और जल्दी ही वेज बोर्ड रिवीजन के साथ एक अधिसूचना जारी हो सकती है।