बीबीसी डाक्यूमेंट्री से जुड़े विवाद पर सरकार का पक्ष लेने वाले कांग्रेस नेता अनिल के एंटनी ने पार्टी छोड़ दी है। अनिल पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी के बेटे हैं। अनिल ने पीएम नरेंद्र मोदी को केंद्र में रखकर बनी डाक्यूमेंट्री को बैन करने के फैसले का समर्थन किया था।

कांग्रेस नेता एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी ने बुधवार को कांग्रेस से इस्तीफा देने का एलान किया। बीबीसी की ओर से पीएम मोदी और 2002 के गुजरात दंगों पर पर बनाई गई डॉक्यूमेंट्री का विरोध करने के एक दिन बाद ही उन्होंने यह फैसला लिया है। 

अनिल ने ट्विटर पर कहा, "मैंने कांग्रेस से अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। मुझ पर एक ट्वीट को वापस लेने के असहिष्णुता से दबाव बनाया जा रहा था। वह भी उनकी तरफ से जो अभिव्यक्ति की आजादी के लिए खड़े होने की बात करते हैं। मैंने मना कर दिया। 

अनिल एंटनी ने मंगलवार को कहा था कि ब्रिटिश प्रसारक बीबीसी के विचारों को भारतीय संस्थानों पर तरजीह देना, देश की संप्रभुता को कमजोर करेगा। अनिल एंटनी कांग्रेस पार्टी की केरल ईकाई के डिजिटल संचार प्रमुख का पद संभाल चुके हैं।