बिहार के फुलवारी शरीफ मामले में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) एक बार फिर एक्शन मोड में है. NIA ने आज तीन राज्यों में PFI के 25 ठिकानों पर छापेमारी की हैं. एनआईए की टीम कर्नाटक, केरल और बिहार में अलग-अलग जगहों पर जांच कर रही है.
पीएफआई और उसके सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई-
एनआईए प्रतिबंधित संगठन पीएफआई और उसके सहयोगियों के खिलाफ कर्नाटक, बिहार और केरल में तलाशी अभियान चला रही है. जांच एजेंसी बिहार के कटिहार में मोहम्मद नदवी और उसके साथियों के खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है. मोहम्मद नदवी लंबे समय से पीएफआई से जुड़ा हुआ हैं. इसके साथ ही जांच एजेंसी की टीम यूसुफ टोला भी पहुंच गई है.
छापेमारी के दौरान कड़ी सुरक्षा
सूत्रों के मुताबिक, फुलवारी शरीफ मामले में अब तक की सबसे बड़ी छापेमारी कर्नाटक में की जा रही है. यह छापेमारी कर्नाटक में 16 पीएफआई स्थानों पर चल रही है. बिहार के फुलवारी शरीफ में पीएफआई का 2047 नाम का एक डॉक्यूमेंट सामने आया था.
एनआईए के मुताबिक, इस दस्तावेज में देश की सत्ता पर कब्जा करने का प्लान बताया गया था. अब उसी मामले में एक बार फिर जांच शुरू हो गई हैं. छापेमारी के दौरान घटनास्थल पर कड़ी सुरक्षा के लिए स्थानीय हसनगंज पुलिस की एक टीम और अर्धसैनिक बलों की एक टीम मौजूद है.