देश में अपनी खोई हुई सियासी जमीन तलाश रही कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी शुक्रवार को कांग्रेस का हाथ छोड़ भाजपा में शामिल हो गए। किरण रेड्डी ने कांग्रेस पर जनभावनाओं को न समझने का आरोप भी लगाया है।
आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी ने भाजपा में शामिल होने पर कहा कि कांग्रेस पार्टी लोगों के मत को नहीं समझ पा रही है। कांग्रेस पार्टी न तो विश्लेषण कर रही है कि गलती क्या है और न ही वे सही करना चाहते हैं। वह यही सोचते हैं कि मैं ही सही हूं और देश की जनता सहित बाकी सब गलत हैं। इसी विचारधारा कि वजह से मैंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया।
रेड्डी पहले भी कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके हैं। 2014 में जब UPA सरकार ने आंध्र से तेलंगाना को अलग करने का फैसला किया, तब रेड्डी ने विरोध में पार्टी छोड़ दी थी। उन्होंने तब अपनी जय समैक्य आंध्रा पार्टी बनाई थी और आम चुनाव में कैंडिडेट्स भी उतारे थे। उन्हें एक भी सीट पर जीत नहीं मिली थी। इसके बाद रेड्डी काफी समय तक राजनीति से दूर रहे और 2018 में वापस कांग्रेस में शामिल हो गए थे।