राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल का विभाग भी बदला गया है। वह अब कानून और न्याय मंत्रालय में राज्य मंत्री के बजाय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री होंगे। राष्ट्रपति के प्रेस सचिव की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री की सलाह के अनुसार भारत के राष्ट्रपति राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री नियुक्त करने का निर्देश दिया गया है।

इससे पहले मोदी सरकार में विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे किरण रिजिजू से कानून मंत्रालय छीन लिया गया था। इस मंत्रालय की जिम्मेदारी अब अर्जुन राम मेघवाल को सौंपी गई है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री की सलाह पर राष्ट्रपति ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्यों को फिर से विभागों का आवंटन किया है।

विज्ञप्ति के अनुसार किरेन रिजिजू को अब पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का प्रभार दिया गया है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह इस मंत्रालय को संभाल रहे थे। इसके साथ ही मेघवाल को कानून राज्य मंत्री का स्वतंत्र प्रभार दिया गया है। मेघवाल पहले से ही संस्कृति और संसदीय मामलों के मंत्रालय में राज्य मंत्री हैं।