भारत के खिलाफ पाकिस्तान की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है. हैदराबाद में 'लोन वुल्फ अटैक' की तैयारी चल रही थी. इस बात का खुलासा हैदराबाद से गिरफ्तार आतंकी से पूछताछ के दौरान हुआ. इसमें ISI और लश्कर का लिंक भी सामने आया है. यह भी खुलासा हुआ कि पकड़ा गया आतंकी जाहेद पाकिस्तान स्थित आतंकियों के संपर्क में था और उन्हें हैंड ग्रेनेड सप्लाई किया करता था.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसने उनके कहने पर कई लोगों को भर्ती भी किया था. किसी रैली या सार्वजनिक स्थान पर हमले की योजना तैयार की जा रही थी. यह सब पाकिस्तान के इशारे पर हो रहा था. इसके ज़रिये भारत में साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश रची जा रही थी.

आतंकी के पास से हैंड ग्रेनेड, कैश और फोन बरामद-

NIA की FIR ने पाकिस्तान की साजिश का पर्दाफाश कर दिया है. आतंकी जाहेद के ठिकाने से 2 हथगोले, करीब 4 लाख रुपए नकद और दो मोबाइल फोन मिले हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जाहेद को पहले 2005 में एक आत्मघाती बम विस्फोट मामले में कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया गया था, लेकिन सबूतों की कमी के कारण 2017 में रिहा कर दिया गया.

NIA के अनुसार, जाहेद ने अपने गिरोह के सदस्यों के साथ पाकिस्तान से अपने आकाओं के निर्देश के आधार पर हैदराबाद शहर में विस्फोटों और 'लोन वुल्फ हमलों' सहित आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रची थी.

पिछले साल भी हुई थी गिरफ्तार -

NIA ने बताया कि यह भी पता चला है कि जाहिद ने अपने आकाओं से हथगोले प्राप्त किए थे. सांप्रदायिक तनाव पैदा करने के लिए शहर में जनसभाओं और जुलूसों में उन्हें फेंकने की योजना बना रहा था. बता दें कि हैदराबाद पुलिस ने दो अक्टूबर 2022 को जनसभाओं पर ग्रेनेड फेंकने की साजिश रचने के आरोप में अब्दुल जाहेद, मोहम्मद समीउद्दीन और माज हसन फारूक को गिरफ्तार किया था.