राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने उम्मीदवारों के हित में बड़ा फैसला लिया है। राजस्थान में सरकारी नौकरियों में इंटरव्यू प्रक्रिया को समाप्त कर दिया गया है। यह फैसला राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) समेत 4 सेवाओं को छोड़कर सभी सरकारी नौकरियों पर लागू होगा।
हाल ही में राज्य सरकार के भर्ती में इंटरव्यू को समाप्त करने का प्रस्ताव किया गया था। अब राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसे मंजूरी दे दी है। यानी अब ज्यादातर भर्तियों में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के जरिए ही होगा।
सरकारी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने का प्रयास: सीएम गहलोत
सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर इस अहम फैसले की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि राज्य सरकार द्वारा भर्ती में पारदर्शिता लाने और साक्षात्कार को लेकर अभ्यर्थियों की शंकाओं को दूर करने के लिए नियमों में संशोधन कर ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। नियमों में संशोधन कर साक्षात्कार को पूरी तरह से हटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।
RAS सहित इन नौकरियों में जारी रहेंगे इंटरव्यू
अशोक गहलोत ने कहा कि भर्ती में इंटरव्यू को हटाने का निर्णय 10 मई, 2022 को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया था। लेकिन चार ऐसी सेवाओं में इंटरव्यू जारी रखने का निर्णय लिया गया है जिनमें कार्य की प्रकृति के कारण संचार कौशल की आवश्यकता होती है। प्रस्ताव के अनुसार राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के अलावा राज्य एवं माध्यमिक सेवा (संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से सीधी भर्ती) नियम, 1999 में साक्षात्कार के प्रावधान के साथ पद पर इंटरव्यू प्रक्रिया जारी रहेगी।