Telangana BJP: तेलंगाना में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में वरिष्ठ बीजेपी नेता के एक ट्वीट से पार्टी के अंदर ही बवाल शुरू हो गया है. अब बीजेपी ने नेता जी को पार्टी की गाइडलाइन के हिसाब से ही चलने की नसीहत दी है. दरअसल, तेलंगाना के वरिष्ठ बीजेपी नेता और पूर्व सांसद ए पी जितेंदर रेड्डी के एक ट्वीट ने बीजेपी की मुश्किलें बढ़ा दी. उन्होंने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से एक वीडियो पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, यह ट्रीटमेंट बीजेपी के तेलंगाना नेतृत्व के लिए आवश्यक है.
इतना ही नहीं उन्होंने ट्वीट के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के संगठन महासचिव बीएल संतोष और बीजेपी नेता सुनील बंसल के साथ ही बीजेपी के ट्विटर हैंडलों को भी टैग किया है. अब बीजेपी ने पूर्व सांसद ए पी जितेंदर रेड्डी की संगठन के प्रति नाराजगी को दूर करने के बजाय उन्हें नसीहत दी है कि बीजेपी की संस्कृति या प्रणाली पार्टी या उसके नेतृत्व की सार्वजनिक आलोचना करने की नहीं है.
तेलंगाना में बीजेपी के अंदर गुटबाजी-
ख़बरों की मानें तो तेलंगाना बीजेपी के प्रवक्ता कृष्णा सागर राव ने इस ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, हमारी पार्टी के कुछ नेताओं की तरफ से किए जा रहे बेतरतीब, अनुचित और नुकसानदायक मीडिया लीक और सार्वजनिक बयानों की मैं निंदा करता हूं. लगता है कि वे उस पार्टी को भूल रहे हैं जिसका वर्तमान में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. बीजेपी कांग्रेस या बीआरएस नहीं है. बीजेपी की संस्कृति या प्रणाली पार्टी या उसके नेतृत्व की सार्वजनिक आलोचना करने की नहीं है.
उन्होंने आगे कहा, इस तरह के बयान देने वाले सभी नेताओं के पास असंतोष व्यक्त करने के कई अवसर हैं. निजी एजेंडे पार्टी के एजेंडा पर हावी नहीं हो सकते. इन नेताओं को जरूर पता होना चाहिए कि पार्टी में एक लक्ष्मण रेखा है. पार्टी और उसके नेतृत्व के खिलाफ गैर-जिम्मेदाराना और अनुचित बयान देना पार्टी को हानि पहुंचाने की मंशा का खुला प्रदर्शन है. इस तरह की लापरवाही और अनुशासनहीनता अस्वीकार्य है.
बता दें कि ट्वीट के साथ एक वीडियो शेयर किया गया था, जिसमें एक शख्स एक याक को लात मारकर एक गाड़ी पर चढ़ाता हुआ दिख रहा है. अब इस ट्विट से ये तो साफ़ हैं कि तेलंगाना में बीजेपी संगठन के अंदर सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा हैं.