WB Panchayat Election 2023: पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के नतीजे आना शुरू हो गए हैं. शुरुआती रुझानों में TMC काफी बढ़त बनाये हुए है. कांग्रेस-बीजेपी दूर-दूर तक कहीं दिखाई नहीं दे रही है. तो वहीं, अब चुनावी हिंसा को लेकर बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ममता सरकार पर निशाना साधा हैं. बीजेपी की तरफ से संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तृणमूल कांग्रेस (TMC) को जमकर घेरा.
देंखे लाइव-
हिंसा में 45 लोगों की मौत- BJP
चुनावी हिंसा पर संबित पात्रा बोले, पश्चिम बंगाल में चुनाव हिंसा एक दूसरे का पर्याय बन गए हैं. राज्य में पंचायत चुनाव के नामांकन शुरू होने से लेकर अब तक करीब 45 लोगों की मौत हो चुकी है, ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. जिस भूमि से कभी वन्दे मातरम् के शब्द उपजे थे, आज उसी भूमि पर जिस प्रकार की हिंसा हो रही है वह अपने आप में अप्रत्याशित है. इससे पहले इस प्रकार की हिंसा न हमने सुनी थी और न ही देखी थी. चुनाव और हिंसा आज बंगाल में पर्यायवाची बन चुके हैं.
बीते चुनावों का जिक्र करते हुए संबित पात्रा ने बताया कि विशेष रूप से पश्चिम बंगाल राज्य में 2018 पंचायत चुनावों के दौरान मरने वालों की संख्या 23 थी. राज्य में 2013 के पंचायत चुनाव के दौरान करीब 15 लोग मारे गये थे. सचमुच पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र की हत्या हो रही है. सेंट्रल फोर्सेस होने के बावजूद बंगाल में 45 लोगों की हत्या, ये दिखाता है कि प्रदेश सरकार किस प्रकार प्रायोजित तरीके से इन हत्याओं को अंजाम दे रही थी.
केंद्रीय बलों को उचित तरीके से तैनात नहीं किया- BJP
संबित पात्रा ने आगे कहा, ये जितने लोग मारे गए हैं वह प्रायोजित है. यह एक State sponsored murder of Democracy in West Bengal है. इसमें पुलिस प्रशासन से लेकर जिला अधिकारी तक सम्मिलित हैं. अगर यही दृश्य किसी भाजपा शासित राज्य से आ रहा होता तो हाहाकार मच गया होता.
विपक्षी एकजुटता पर तंज कसते हुए संबित पात्रा बोले, ये सारे नेता जो हाथ पकड़-पकड़ कर राज्यों में खड़े होते हैं, कहां हैं ये सारे नेता? कहां हैं लालू प्रसाद यादव, कहां हैं नीतीश कुमार और कहां हैं 'मोहब्बत की दुकान' खोलने वाले राहुल गांधी? शांतिपूर्ण और उचित चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए, केंद्रीय बलों को पश्चिम बंगाल भेजा गया था, लेकिन राज्य सरकार द्वारा इन बलों को उचित तरीके से तैनात नहीं किया गया था.
संवेदनशील बूथों का डेटा उपलब्ध नहीं कराया गया- BJP
ममता सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए संबित पात्रा ने कहा, संवेदनशील बूथों की संख्या की जानकारी छिपायी गयी. साथ ही संवेदनशील बूथों के बारे में किसी भी तरह का कोई डेटा उपलब्ध नहीं कराया गया. केंद्रीय बलों की मौजूदगी के बावजूद 45 लोगों की हत्या से साफ पता चलता है कि ये राज्य प्रायोजित हत्याएं थीं और पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र की राज्य प्रायोजित हत्या थी.
संबित पात्रा बोले, भाजपा इस पूरी व्यवस्था की, बंगाल में जिस प्रकार से लोगों की हत्या हो रही है, जिस प्रकार से लोकतंत्र की हत्या हो रही है उसकी तीव्र निंदा करती है. कुछ बेशर्म लोग इतनी आसानी से लोकतंत्र की मौत बर्दाश्त कर सकते हैं, लेकिन अपनी 'महत्वाकांक्षाओं' की मौत नहीं. ममता बनर्जी 'मां', 'माटी' और 'मानुष' की बात करती थीं. आज 'माँ' रो रही है, 'माटी' खून से सनी हुई है, और 'मानुष' की हत्या हो गई है लेकिन निर्दयी बंद्योपाध्याय जी मूकदर्शक बन कर ये सब देख रहे हैं.