दस्तावेज अपलोड नहीं हुए तो रद्द हो जाएगी परीक्षा..!

भोपाल। विद्यार्थियों ने अभी तक अपने दस्तावेज अपलोड नहीं कराए हैं। यह हालत तब है जब माशिमं करीब पांच बार सीबीएसई सहित दूसरे बोर्ड के विद्यार्थियों को दस्तावेजों को जमा करने की तारीख घोषित कर चुका है। इसके बाद भी अब तक सैकड़ों विद्यार्थियों के दस्तावेज अपलोड नहीं किए गए हैं।

ऐसे करीब 700 विद्यार्थी है। यही कारण है कि विद्यार्थियों का दसवीं व बारहवीं परीक्षा का परिणाम अभी तक घोषित नहीं किया गया है। माशिमं के अनुसार इन बच्चों को अब 28 मई तक का समय दिया है। अगर तब तक भी इन विद्यार्थियों ने दस्तावेज अपलोड नहीं कराए तो उनकी बोर्ड परीक्षा निरस्त कर दी जाएगी। इन विद्यार्थियों ने पात्रता दस्तावेज जमा ही नहीं किए हैं। माशिमं ने अब इन विद्यार्थियों को दस्तावेज जमा करने का एक अंतिम मौका दिया है।

इसके साथ ही मप्र बोर्ड के स्कूलों ने कुछ विद्यार्थियों के आंतरिक मूल्यांकन के अंक नहीं भेजे हैं। इसके कारण उनके परीक्षा परिणाम घोषित ही नहीं किया गया है। इन स्कूलों के पास ऐसे विद्यार्थियों के दस्तावेज और आंतरिक मूल्यांकन के अंक जमा करने के लिए तीन दिन का समय है। यह मौका मात्र उन विद्यार्थियों को दिया गया है, जो अंतिम तारीख तक दस्तावेज जमा नहीं कर सकते हैं। गौरतलब है कि बोर्ड की 10वीं व 12वीं परीक्षा का परिणाम एक साथ 29 अप्रैल को जारी किया था। इस बार 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 59.54 फीसदी व बारहवीं बोर्ड परीक्षा में 72.72 फीसदी विद्यार्थी पास हुए।

इस बीच बोर्ड परीक्षा में पुनर्मूल्यांकन के लिए 42 हजार विद्यार्थियों ने उत्तरपुस्तिकाएं मांगी हैं। इन विद्यार्थियों ने पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन भी भर दिए हैं। कम अंक मिलने से नाराज विद्यार्थियों ने रिजल्ट घोषित होने के 20 दिन के अंदर पुनर्मूल्यांकन के लिए अपना आवेदन किया है। इनमें बारहवीं की परीक्षा में करीब 15 हजार बच्चों ने व दसवीं में करीब 27 हजार विद्यार्थियों ने अपना आवेदन किया है।