Wrestler Protest: नाबालिग पहलवान के यौन उत्पीड़न के मामले में दिल्ली पुलिस ने बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह को क्लीन चिट दे दी है. दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ 7 पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों में आज दो अदालतों में चार्जशीट दायर की. पहली चार्जशीट 6 वयस्क महिला पहलवानों की शिकायत पर दर्ज मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट में दाखिल की गई. 

जबकि, दूसरी चार्जशीट पटियाला कोर्ट में एक नाबालिग की शिकायत पर दर्ज मामले में दाखिल की गई. नाबालिग द्वारा लगाए गए आरोपों में बृजभूषण को दिल्ली पुलिस ने क्लीन चिट दे दी है. दिल्ली पुलिस ने अपनी 550 पेज की रिपोर्ट में बताया कि यौन शोषण की शिकायत को लेकर कोई सबूत नहीं मिला है. पुलिस ने कोर्ट में बृजभूषण के खिलाफ यौन शोषण के तहत दर्ज केस हटाने की सिफारिश की है. इतना ही नहीं पुलिस का कहना है कि यौन शोषण मामले में जांच पूरी होने के बाद इस मामले को रद्द करने की सिफारिश की गई है.

21 अप्रैल को दर्ज कराई गई थी शिकायत-

करीब 7 महिला पहलवानों ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ दिल्ली पुलिस में यौन उत्पीड़न की शिकायत 21 अप्रैल को दर्ज कराई थी. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने 28 अप्रैल को बृजभूषण के खिलाफ दो मामले दर्ज किए थे. पहला मामला 6 वयस्क महिला पहलवानों की शिकायत पर था. जबकि एक नाबालिग की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत 1 मामला दर्ज किया गया था.

हालांकि, बाद में बृजभूषण के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराने वाली एक नाबालिग महिला पहलवान ने अपना बयान बदल दिया था. इससे पहले अपने बयान में जहां नाबालिग महिला पहलवान ने बृजभूषण पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था, वहीं, उन्होंने बाद में अपना बयान बदलते हुए कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष पर भेदभाव का आरोप लगाया है. 

मजिस्ट्रेट के सामने अपने पहले बयान में पहलवान ने यौन उत्पीड़न की बात कही थी. लेकिन एक अन्य बयान में नाबालिग ने यौन उत्पीड़न के आरोप को वापस लिया और कहा कि "मेरा सिलेक्शन नहीं हुआ था मैंने बहुत मेहनत की थी. मैं डिप्रेशन में थी इसलिए गुस्से में यौन शौषण का मामला दर्ज करवाया था".