By Election 2023: आज कर्नाटक विधानसभा चुनाव के साथ ही पंजाब की एक लोकसभा सीट और उत्तर प्रदेश, ओडिशा और मेघालय की चार विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव हो रहे है. इसके लिए आज सुबह से ही बड़ी संख्या में मतदाता वोटिंग के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं.

पंजाब की इस सीट पर वोटिंग जारी-

पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट पर सुबह 8 बजे से वोटिंग हो रही है. इसके अलावा यूपी की स्वार टांडा सीट और छानबे सीट, ओडिशा में झारसुगुड़ा सीट, मेघालय की सोहियोंग विधानसभा सीट पर वोटिंग जारी है.

उत्तर प्रदेश में भी वोटिंग जारी

उत्तर प्रदेश में एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम खान की विधानसभा सदस्यता रद्द होने के कारण स्वार टांडा सीट खाली हुई है. छानबे सीट बीजेपी की सहयोगी अपना दल के विधायक राहुल कोल के निधन से खाली हुई थी. उत्तर प्रदेश की स्वार और छानबे सीटों पर सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्षी समाजवादी पार्टी के बीच आमने-सामने की लड़ाई है. इन सबके बीच मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी ने उपचुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है.

मेघालय में भी वोटिंग जारी

मेघालय की सोहियोंग विधानसभा सीट पर वोटिंग जारी है. राज्य विधानसभा चुनाव से पहले यूडीपी उम्मीदवार एचडीआर लिंगदोह के निधन के कारण उपचुनाव जरूरी हो गया था. लिंग्दोह की मृत्यु के कारण सोहियोंग का मतदान स्थगित कर दिया गया था. मेघालय की सोहियोंग विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच आज सुबह सात बजे से मतदान जारी है. 

ओडिशा में भी वोटिंग जारी

राज्य के तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री नाब किशोर दास की हत्या के बाद ओडिशा में उपचुनाव जरूरी हो गए थे. झारसुगुड़ा विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए मतदान कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे शुरू हुआ. संवेदनशील बूथों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और केंद्रीय बल तैनात किए गए हैं. अधिकारियों ने बताया कि यहां के 253 मतदान केंद्रों पर 2,21,070 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे. मतदान शाम छह बजे तक चलेगा.