मध्यप्रदेश के ग्वालियर में गुटखा का कारोबार करने वाले राजू नगरिया, पराग बिजपुरिया, पराग बंसल एवं ट्रांसपोर्ट नगर में महावीर ट्रांसपोर्ट पर आयकर की कार्रवाई शनिवार की शाम 6 बजे पूर्ण हो गई। गुरुवार को शुरू हुई कार्रवाई में तीन दिन बाद गुटखा कारोबारियों और उनके पहचान वालों के पास से करोड़ों की नकदी, ज्वेलरी, बेहिसाब प्रॉपर्टी के कागज, हुंडियां, लेपटॉप और पेन ड्राइव आदि जप्त किए हैं। इस दौरान विभाग ने सख्ती से पूछताछ भी की. विभाग द्वारा अब इनकी स्कूटनी कर टैक्स और जुर्माने की गणना की जाएगी। आयकर विभाग को इस कार्रवाई में कई प्रकार की अलग अलग अनियमितताएं मिली हैं।

इसके चलते कई लोगों को नामजद भी किया गया है, जिसमें कुछ सरकारी विभाग भी शामिल हैं। विभाग को इस कार्रवाई में करीब 4 करोड़ रुपए नकद और 3.25 करोड़ की ज्वेलरी मिली। इसके साथ बेहिसाब संपत्ति के कागजात भी मिले हैं जो कई लोगों के नाम से हैं। आयकर विभाग की टीमों ने हवाला कारोबार में भी कुछ लोगों को नामजद किया है। विभाग को तुरारी के पास एक होटल बनने की जानकारी भी मिल गई है।

शनिवार को भी दिन में विभाग की टीम ने बैंक के लॉकर आदि को भी खंगाला था। इसके साथ ही विभाग को गुटखा कारोबारियों के कर्मचारियों के पास एप्पल का मोबाइल मिला है। इस मोबाइल की खासियत यह भी है कि इसके माध्यम से बहुत सी निगरानियों से बचा जा सकता है। पूरी कार्रवाई के दौरान एक मजेदार बात निकलकर सामने आई है. जानकारी के अनुसार जब एक टीम गुटखा कारोबारी से जुड़े टांसपोर्ट कारोबारी के लॉकर की जांच कर रही थी तो उसे कटे-फटे नोट और चिल्लर मिली है।

आयकर विभाग से जुड़े अधिकारियों के अनुसार गुटखा कारोबारी की 18 जून यानि शनिवार को शादी की सालगिरह थी। इसी वजह से विभाग ने कार्रवाई को शनिवार की शाम छह बजे तक पूर्ण कर दिया। इसके साथ विभाग ने गुटखा कारोबारी को एक और मौका देते हुए शर्त यह भी रखी है कि वह खुद ही ईमानदारी से आगे आकर अपनी अघोषित आय को घोषित कर दे।