छत्तीसगढ़ में लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से मंगलवार से थोड़ी राहत मिल सकती है। द्रोणिका के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल जाएग़ा इसी के साथ आज से अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि द्राेणिका की वजह से प्रदेश के कई जिलाें में गरज-चमक के साथ मामूली छींटे पड़ सकते है। मौसम का रुख अब आने वाले दिनों में भी ऐसा ही रहेगा।
सोमवार को लोग सुबह से लेकर देर रात तक गर्मी से हलाकान बने रहे। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान महासमुंद के कृषि विज्ञान केंद्र में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि जगदलपुर का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। प्रदेश के बस्तर संभाग को छोड़कर सभी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
दिन के साथ ही रात में भी गर्मी बढ़ती जा रही है। राजधानी रायपुर का न्यूनतम तापमान भी 30.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि गुजरात, राजस्थान से गर्म हवा आ रही है। इसकी वजह से ही यहां भी रात में गर्म हवा चल रही है।
मौसम विज्ञानी ने बताया कि एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से तटीय आंध्रप्रदेश तक और पूर्वी मध्य प्रदेश से छत्तीसगढ़ तक विस्तारित है। ऊपरी हवा का एक चक्रीय चक्रवाती घेरा पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर 0.9 किमी ऊंचाई तक बना हुआ है। इन द्रोणिका के प्रभाव से ही प्रदेश के कुछ जिलों में मंगलवार को हल्की वर्षा हो सकती है. इसके साथ ही गरज-चमक के साथ छींटे भी पड़ सकते है। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में आंधी चलने के साथ ही बिजली भी गिर सकती है।