मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है। छतरपुर जिले के ओरछा थाना क्षेत्र के नारायणपुरा-पठापुर के बीच गांव में खेत में खेलते वक्त पांच साल का मासूम बच्चा दीपेंद्र यादव बोरवेल में गिर गया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला घटनास्थल के लिए रवाना हुआ।
आनन-फ़ानन में प्रशासनिक अमला और रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुचीं। मौक़े पर नायब तहसीलदार एवं पुलिस विभाग के अधिकारी पहुंच चुके है, दीपेंद्र को सुरक्षित निकालने के लिए एहतियाती प्रबंध शुरू किये जा चुकें हैं।
सीएम शिवराज ने सूचना मिलते ही तत्काल आदेश जारी करते हुए कहा कि छतरपुर में मासूम दीपेंद्र यादव के बोरवेल में गिरने का समाचार प्राप्त हुआ। बेटे दीपेंद्र को सकुशल बाहर निकालने के लिए स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गया है। मुझे विश्वास है कि हम दीपेंद्र को शीघ्र सकुशल बाहर निकाल लेंगे। हम सभी मिलकर मासूम के लिए प्रार्थना करें।
उन्होंने कहा, मैंने मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और कलेक्टर छतरपुर से फ़ोन पर चर्चा कर निर्देश दिए हैं कि बच्चे को शीघ्र निकालने की समुचित व्यवस्था की जाए।
जिला प्रशासन की रेस्क्यू टीम कार्य में जुटी हुई है। एसडीआरएफ की टीम को भी निर्देश दिए हैं कि वह घटनास्थल पर पहुंचकर बच्चे को निकालने का कार्य प्रारंभ करें। मैं लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ले रहा हूं।