दिल्ली के जंतर-मंतर पर बुधवार देर रात धरना दे रहे पहलवानों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। झड़प में रेसलर्स को चोटें आई हैं। झड़प में रेसलर विनेश फोगाट के भाई दुष्यंत का सिर फट गया।  हंगामे के बाद रेसलर्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रेसलर्स ने विरोधस्वरूप जीते मैडल सरकार को लौटाने का ऐलान किया है। 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में विनेश और साक्षी ने रोते हुए सवाल उठाया  कि देश के लिए मेडल क्या यही दिन देखने के लिए लाए थे? वहीं बजरंग पूनिया ने कहा कि हम अपने मेडल्स भारत सरकार को लौटा देंगे। इधर जंतर मंतर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। 

पहलवानों का आरोप है कि नशे में पुलिसकर्मियों ने मारपीट की और अपशब्द कहे। वहीं, पुलिस का कहना है कि आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती बेड लेकर धरना स्थल पहुंचे, उन्हें रोका गया तो पहलवानों ने विवाद शुरू कर दिया।

 पहलवान भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी को लेकर धरने पर बैठे हैं। पहलवानों के धरने का आज 12वां दिन है। इसी मामले पर सुप्रीम कोर्ट में आज ही सुनवाई भी होनी है।