इंदौर। मध्यप्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव में अंतिम दिन प्रचार के लिए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान सोमवार को इंदौर पहुंचे. इंदौर के मदन महल गार्डन में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने इंदौर को अद्भुत शहर बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए इंदौर का दुनियाभर में नाम है। जनभागीदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इंदौर का ही उदाहरण देते हैं। सीएम ने कहा कि यह मेरे सपनों का भी शहर है। सीएम शिवराजसिंह ने यहां रोड शो भी किया। इस मौके पर सीएम शिवराजसिंह चौहान का भोजन प्रेम भी खुलकर नजर आया।
सीएम शिवराजसिंह चौहान ने निकाय चुनाव के आखिरी दिन इंदौर में करीब 8 घंटे का मेगा शो किया। उन्होंने 8 विधानसभा इलाके में रोड शो किया. सराफा बाजार में उनका जोरदार स्वागत किया गया। सराफा बाजार में घूम रहे सीएम का स्वागत करने व्यापारियों ने बड़े हार का इंतजाम किया लेकिन यह गली में झूल रहे तारों में उलझ गया। इस दौरान सीएम ने हाथों से हार खींचकर खुद ही अपने गले में डाल लिया। इधर एक युवक भी उनका स्वागत करने उनकी खुली जीप पर चढ़ गया और काफी मशक्कत करते हुए सीएम को टोपी और भगवा दुपट्टा दिया। रोड शो में मुख्यमंत्री के आने के पहले ही इंदौर की गलियां गुलाब के फूलों से सजा दी गईं थीं। सीएम के रोड शो में महापौर पद के उम्मीदवार पुष्यमित्र भार्गव, विधायक महेंद्र हार्डिया और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री शिवराजसिहं रोड शो के दौरान पंचम की फैल पहुंचे तो रहवासियों में मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी के लिए होड़ मच गई।
यहां उन्होंने एक भाजपा कार्यकर्ता के घर में खालिस इंदौरी चटपटा नाश्ता किया। थाली में उन्हें कई चटपटे व्यंजन परोसे गए थे और सीएम ने भी चाव से सभी चीजें चखीं. सीएम का इस नाश्ते से ही मन नहीं भरा. वे रोड शो के दौरान नौलखा पर भी पराठा खाते हुए नजर आए. सीएम का रोड शो जब नौलखा पहुंचा था तब शिवराजसिंह चौहान गाड़ी में ही पराठा खा रहे थे। यहां जनता ने फूल बरसाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।